चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ 4 राज्यों में लाएगा भारी तबाही, उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट

चक्रवाती तूफान ‘दित्वाह’ तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और अन्य तटीय राज्यों में गंभीर असर डाल सकता है। साथ ही, उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया

भारतीय मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तमिलनाडु समेत चार राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी चक्रवात दित्वा के श्रीलंका से होते हुए भारतीय तट के पास पहुंचने के कारण दी गई है।

Weather Update: भारत में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ को लेकर तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और दक्षिणी आंध्र में रेड अलर्ट जारी किया है। यह तूफान श्रीलंका से होकर भारतीय तट के करीब बढ़ रहा है और इसकी हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। श्रीलंका में इस तूफान के कारण अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है, और भारत पर भी खतरा मंडरा रहा है।

साथ ही, उत्तर भारत में शीतलहर का प्रभाव बढ़ रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल और राजस्थान में तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना है। राजस्थान में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दितवाह तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और दक्षिणी आंध्र के तटों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने मछुआरों और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। तूफान के कारण इन क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज हवाएं और समुद्री लहरों में उछाल आने की संभावना है।

उत्तर भारत में शीतलहर का असर

  • दिल्ली: 30 नवंबर से दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। सुबह की हवाएं 15-20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। ठंड के कारण सुबह-सुबह धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है।
  • उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में फिलहाल ठंड से थोड़ी राहत है, लेकिन 1 दिसंबर से न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना है। कानपुर, इटावा, बरेली, लखनऊ, बाराबंकी और मुजफ्फरनगर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
  • बिहार: बिहार में अगले सप्ताह तक न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, लेकिन 5 दिसंबर के बाद शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है। सीमांचल के क्षेत्रों जैसे पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया में तापमान तेजी से गिर सकता है।
  • उत्तराखंड: देहरादून में 30 नवंबर को अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। नैनीताल में अधिकतम 20 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
  • हिमाचल प्रदेश: हिमाचल में 30 नवंबर से बर्फबारी की संभावना है। मनाली और शिमला में तापमान तेजी से गिरेगा। मनाली में अधिकतम तापमान 6 डिग्री और न्यूनतम -10 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।
  • राजस्थान: राजस्थान में 30 नवंबर को मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर और उदयपुर में घना कोहरा और बारिश की संभावना है। इस बारिश के चलते तापमान में 2-3 डिग्री की कमी देखने को मिल सकती है।

भारतीय मौसम विभाग ने तटीय राज्यों के प्रशासन से आपात स्थिति के लिए तैयारी करने को कहा है। स्कूल, कार्यालय और हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है। मछुआरों और छोटे नाविकों को समुद्र में जाने से बचने की चेतावनी दी गई है।

Leave a comment