अमेरिकी बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार सीमित मुनाफावसूली के साथ बढ़त में बंद हुआ। आईटी शेयरों की मजबूती से सेंसेक्स 187 अंक चढ़ा, जबकि निफ्टी मामूली तेजी के साथ बंद हुआ।
Stock Market Closing Bell: अमेरिकी बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार 16 जनवरी 2026 को बढ़त के साथ बंद हुआ। हालांकि दिन के ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली हावी रही, जिससे तेजी सीमित हो गई। आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी, खासकर Infosys की अगुआई में, बाजार को मजबूत सपोर्ट मिला। कारोबार के अंत में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हल्की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स का हाल
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मजबूती के साथ 83,670 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में आईटी और कैपिटल मार्केट्स शेयरों में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स ने रफ्तार पकड़ी और दिन के दौरान 700 अंक से ज्यादा चढ़कर 84,000 के स्तर के पार चला गया। हालांकि ऊपरी स्तरों पर बिकवाली के दबाव के कारण बाजार अपनी पूरी बढ़त कायम नहीं रख सका। अंत में सेंसेक्स 187.64 अंक या 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,570.35 पर बंद हुआ।
निफ्टी का प्रदर्शन
नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 (Nifty 50) भी मजबूत शुरुआत के साथ 25,696 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 25,873 के इंट्रा-डे हाई तक पहुंचा। लेकिन मुनाफावसूली के चलते अंत में निफ्टी की बढ़त सिमट गई। दिन के अंत में निफ्टी 28.75 अंक या 0.11 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 25,694 के स्तर पर बंद हुआ। यह दिखाता है कि बाजार की धारणा सकारात्मक बनी हुई है, लेकिन निवेशक फिलहाल ऊंचे स्तरों पर सतर्कता बरत रहे हैं।
आईटी शेयरों से मिला बाजार को सहारा
आज के कारोबार में आईटी सेक्टर सबसे मजबूत स्तंभ बनकर उभरा। Infosys के शेयर करीब 5 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए। इसके अलावा Tech Mahindra और HCL Tech में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। आईटी शेयरों में यह तेजी हाल ही में आए Q3 नतीजों और ग्लोबल टेक स्टॉक्स में मजबूती के कारण देखने को मिली। निवेशकों को उम्मीद है कि डॉलर में मजबूती और विदेशी बाजारों से मिले संकेत आगे भी आईटी कंपनियों के लिए फायदेमंद रहेंगे।
टॉप गेनर्स
सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में Infosys सबसे आगे रहा। इसके अलावा Tech Mahindra, HCL Tech, M&M, Bajaj Finserv, Bajaj Finance, Power Grid, Kotak Bank, Adani Ports और NTPC के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। इन शेयरों में आई तेजी ने बाजार की कुल धारणा को सकारात्मक बनाए रखा।
टॉप लूजर्स
वहीं दूसरी ओर कुछ दिग्गज शेयरों में दबाव देखने को मिला। Eternal, Sun Pharma, Bharti Airtel, BEL, Asian Paints, Maruti Suzuki, ICICI Bank और Axis Bank आज के कारोबार में गिरावट के साथ बंद हुए। बैंकिंग और FMCG शेयरों में सीमित कमजोरी ने निफ्टी की तेजी को कुछ हद तक रोका।
ब्रॉडर मार्केट की चाल
मुख्य इंडेक्स के साथ-साथ ब्रॉडर मार्केट में भी अच्छी मजबूती देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.64 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.29 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इससे यह संकेत मिलता है कि निवेशकों का रुझान सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में भी खरीदारी बनी रही।
सेक्टरल इंडेक्स का हाल
सेक्टरों की बात करें तो निफ्टी आईटी और निफ्टी कैपिटल मार्केट्स इंडेक्स में करीब 2.5 प्रतिशत की जोरदार तेजी देखने को मिली। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 1.5 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1.4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी बैंक इंडेक्स भी 0.6 प्रतिशत मजबूत होकर बंद हुआ। यह साफ संकेत है कि बाजार में सेक्टरल रोटेशन जारी है और निवेशक चुनिंदा सेक्टरों पर फोकस कर रहे हैं।
ग्लोबल मार्केट्स से मिले संकेत
वैश्विक बाजारों से भी भारतीय शेयर बाजार को सपोर्ट मिला। अमेरिकी शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। टेक्नोलॉजी और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी के चलते Dow Jones 0.6 प्रतिशत चढ़ा। वहीं S&P 500 में 0.26 प्रतिशत और Nasdaq में 0.25 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। बेहतर लेबर डेटा ने भी बाजार की धारणा को मजबूत किया। 10 जनवरी को समाप्त सप्ताह के लिए साप्ताहिक बेरोजगारी दावे घटकर 1.98 लाख रहे, जो बाजार के अनुमान से काफी कम थे।
एशियाई बाजारों का रुख
एशिया के बाजारों में शुरुआती कारोबार के दौरान मिला-जुला रुख देखने को मिला। चीन का CSI 300 और हांगकांग का Hang Seng इंडेक्स 0.5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार करते दिखे। वहीं जापान का Nikkei और दक्षिण कोरिया का Kospi हल्की गिरावट में रहे। निवेशकों की नजर सेमीकंडक्टर सेक्टर पर बनी हुई है। अमेरिका और ताइवान के बीच हुए बड़े व्यापार समझौते के तहत ताइवानी चिप कंपनियां अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने के लिए कम से कम 250 अरब डॉलर का निवेश करेंगी। इसके बदले उन्हें टैरिफ में राहत मिलेगी।
आज आने वाले Q3 नतीजे
बाजार की नजर आज कई दिग्गज कंपनियों के दिसंबर तिमाही नतीजों पर रहेगी। Reliance Industries, Wipro और Tech Mahindra आज अपने Q3 Results जारी करेंगी। इसके अलावा Tata Technologies, Federal Bank, Central Bank of India, L&T Finance, Polycab India और Leela Palaces Hotels and Resorts भी अपने नतीजे घोषित करेंगे। निवेशक Infosys और L&T Technology Services के हाल ही में आए नतीजों के असर को भी आगे के कारोबार में आंकेंगे।
IPO से जुड़ा अपडेट
आईपीओ बाजार में भी आज हलचल रही। मेनबोर्ड सेगमेंट में Amagi Media Labs के IPO की सब्सक्रिप्शन विंडो आज बंद हो जाएगी। SME सेगमेंट में Aritas Vinyl का IPO आज बोली के लिए खुलेगा। वहीं GRE Renew Energetech, Indo SMC और Narmadesh Brass Industries के ऑफर का आज आखिरी दिन है। इसके अलावा Defrel Technologies के शेयर आज स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होंगे।










