भोपाल में होली से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को यह आदेश दिया कि विवादित या संवेदनशील क्षेत्रों में होलिका दहन (Holika Dahan) नहीं होगा।
भोपाल: मोहन यादव ने रविवार को पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि होलिका दहन के दौरान केवल उन्हीं स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ जहाँ कोई विवाद या सुरक्षा का खतरा न हो। उन्होंने त्यौहारों के मौसम में शांति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों से यह भी कहा कि जनता को बिना किसी रुकावट के अपने त्यौहार को आनंदपूर्वक मनाने का अवसर मिले।
इसके साथ ही पूरे राज्य में पुलिस और संबंधित अधिकारियों को सतर्क, चौकस और अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या दिक्कत से बचा जा सके।
सीएम ने किया होली तैयारियों का रिव्यू
रविवार को भोपाल पुलिस कमिश्नर ऑफिस में सीएम मोहन यादव ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति का रिव्यू किया। बैठक में एडिशनल चीफ सेक्रेटरी नीरज मंडलोई, डीजीपी कैलाश मकवाना, एडीजी ए साई मनोहर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। रेंज आईजी, डीआईजी, पुलिस कमिश्नर और एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने जिलों की स्थिति की जानकारी साझा कर रहे थे।
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे त्योहारी सीजन में विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि शांति कमेटियों में स्थानीय और जाने-माने व्यक्तियों को शामिल करना चाहिए, ताकि समुदाय स्तर पर सहयोग सुनिश्चित किया जा सके।

ड्राई डे और विशेष निगरानी
सीएम ने होली के दौरान ड्राई डे नियमों (Dry Day Rules) को सख्ती से लागू करने को कहा। इसके साथ ही एग्जाम सेंटर, स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल जैसी पढ़ाई-लिखाई की जगहों पर विशेष निगरानी की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को मजबूत बनाने और मॉनिटरिंग सिस्टम को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मोहन यादव ने घोषणा की कि वे आने वाले दिनों में पुलिस थानों और सरकारी दफ्तरों का अचानक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान थानों को उनके प्रदर्शन और काम के आधार पर ग्रेडिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही मुख्य प्राथमिकता होगी।
इमरजेंसी मेडिकल सेवाओं की व्यवस्था
होली और रंगपंचमी के दौरान भोपाल में 108 एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी मेडिकल सुविधाएं सक्रिय रहेंगी। अस्पतालों में अलग व्यवस्था रहेगी और बड़े भीड़भाड़ वाले इलाकों में एंबुलेंस तैनात रहेगी। भोपाल सीएमएचओ मनीष शर्मा ने हेल्थ एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि लोगों को नैचुरल और सुरक्षित रंगों का इस्तेमाल करना चाहिए।
रंगों से खेलने से पहले पूरे हाथ और बाजू को ढकने वाले कपड़े पहनें और त्वचा पर तेल या मॉइस्चराइजर लगाएं। नशीली चीजों से दूर रहें और जरूरत पड़ने पर तुरंत मेडिकल टीम की मदद लें।












