भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हेड कोच बन चुके हैं और आईपीएल 2027 में टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ने को जहीर खान पहले ही अपने लिए सम्मान की बात बता चुके हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल 2027 से पहले अपनी कोचिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। वह लंबे समय तक टीम के साथ रहे स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे। जहीर की नियुक्ति के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि उन्हें सीएसके की जिम्मेदारी दिलाने में महेंद्र सिंह धोनी की क्या भूमिका रही। जहीर ने खुद टीम के यूट्यूब चैनल पर इस बारे में बात करते हुए सीएसके के फैसले की प्रक्रिया का जिक्र किया है।
जहीर खान ने बताया धोनी की भूमिका
जहीर खान के मुताबिक, सीएसके में आने की प्रक्रिया काफी सीधी रही। उन्होंने बताया कि टीम की दिशा और भविष्य की योजना को लेकर एमएस धोनी फ्रेंचाइजी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जहीर ने कहा कि उनसे उनकी उपलब्धता के बारे में पूछा गया था और उन्होंने इस भूमिका में शामिल होने की इच्छा जताई।
जहीर की बातों से यह साफ है कि धोनी और सीएसके मैनेजमेंट के साथ उनकी बातचीत इस नियुक्ति की प्रक्रिया का हिस्सा रही। इससे पहले सीएसके के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने भी कहा था कि धोनी ने जहीर का नाम सुझाया था और क्रिकेट मैनेजमेंट की चर्चा के बाद इस फैसले पर सहमति बनी। यही वजह है कि जहीर के बयान के बाद सोशल मीडिया पर ‘CSK है तो थाला की सुनी ही जाएगी’ जैसे फैंस के रिएक्शन भी देखने को मिले। हालांकि, नियुक्ति का अंतिम फैसला फ्रेंचाइजी के क्रिकेट मैनेजमेंट ने किया।
फ्लेमिंग के 18 साल के कार्यकाल का हुआ अंत
जहीर खान की नियुक्ति के साथ चेन्नई सुपर किंग्स और स्टीफन फ्लेमिंग का लंबा जुड़ाव भी समाप्त हो गया है। फ्लेमिंग 2009 से 2026 तक करीब 18 सीजन तक सीएसके के कोचिंग सेटअप का अहम हिस्सा रहे। उनके कार्यकाल में टीम ने पांच आईपीएल खिताब जीते और फ्रेंचाइजी को लीग की सबसे सफल टीमों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हालांकि, हाल के सीजन में टीम का प्रदर्शन अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा। 2024 में पांचवें स्थान पर रहने के बाद सीएसके 2025 में पहली बार आईपीएल तालिका में आखिरी स्थान पर रही और 2026 में आठवें स्थान पर अभियान समाप्त किया। इसके बाद फ्लेमिंग के कार्यकाल का अंत हुआ और फ्रेंचाइजी ने नए कोच की तलाश शुरू की।

जहीर के पास कोचिंग का अनुभव
जहीर खान के लिए सीएसके की जिम्मेदारी आईपीएल में उनकी पहली बड़ी हेड कोच भूमिका होगी। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस के साथ क्रिकेट ऑपरेशंस और डेवलपमेंट से जुड़े पदों पर काम कर चुके हैं। वह लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ भी मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं। खिलाड़ी के रूप में जहीर का अंतरराष्ट्रीय करियर भी काफी प्रभावशाली रहा है।
उन्होंने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। 2011 वनडे विश्व कप में वह भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे और टूर्नामेंट में 21 विकेट हासिल किए थे।
आईपीएल 2027 में जहीर के सामने क्या चुनौती होगी?
जहीर खान के सामने सीएसके को दोबारा प्रतिस्पर्धी स्थिति में लाने की चुनौती होगी। टीम पिछले तीन आईपीएल सीजन में प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में नए कोच के सामने टीम संयोजन, युवा खिलाड़ियों को तैयार करना और आगामी सीजन के लिए सही रणनीति बनाने जैसे कई महत्वपूर्ण काम होंगे।आईपीएल 2027 की तैयारी में उनका पहला बड़ा काम टीम की नीलामी योजना और स्क्वॉड निर्माण से जुड़ा होगा।
रिपोर्टों के मुताबिक आईपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन दिसंबर में गोवा में प्रस्तावित है, इसलिए जहीर के पास टीम की जरूरतों के हिसाब से खिलाड़ियों की पहचान करने का अहम काम रहेगा।










