CUET UG परीक्षा अब देश की कई यूनिवर्सिटी में स्नातक प्रवेश का मुख्य माध्यम बन चुकी है। बेहतर अंक हासिल करने के लिए छात्रों को परीक्षा पैटर्न, सिलेबस और सही तैयारी रणनीति समझना जरूरी है। नियमित मॉक टेस्ट, NCERT आधारित पढ़ाई और सही कोर्स चयन से तैयारी को मजबूत बनाया जा सकता है।
CUET UG Exam Preparation Tips: देशभर की केंद्रीय, राज्य और कई निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक कोर्स में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट की तैयारी अब छात्रों के लिए बेहद अहम हो गई है। National Testing Agency द्वारा आयोजित यह परीक्षा हर साल लाखों छात्र देते हैं। ऐसे में परीक्षा पैटर्न को समझना, सही कोर्स और यूनिवर्सिटी का चयन करना, NCERT आधारित सिलेबस पर फोकस करना और नियमित मॉक टेस्ट देना जरूरी माना जाता है, ताकि छात्र बेहतर स्कोर कर अपने पसंदीदा संस्थान में प्रवेश हासिल कर सकें।
सबसे पहले समझें CUET का परीक्षा पैटर्न
CUET परीक्षा मुख्य रूप से तीन हिस्सों में आयोजित की जाती है। इसमें भाषा परीक्षण, डोमेन या विषय आधारित टेस्ट और जनरल टेस्ट शामिल होता है। भाषा सेक्शन में रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन, ग्रामर और शब्दावली से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं।
वहीं डोमेन टेस्ट छात्र के चुने हुए विषय पर आधारित होता है और जनरल टेस्ट में सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स और लॉजिकल रीजनिंग जैसे प्रश्न आते हैं। जिस यूनिवर्सिटी में दाखिला लेना है, उसके अनुसार परीक्षा पैटर्न और विषयों की जानकारी पहले से समझना जरूरी होता है।

सही कोर्स चुनें और सिलेबस पर करें फोकस
तैयारी शुरू करने से पहले यह तय करना जरूरी है कि छात्र किस विश्वविद्यालय और किस कोर्स में दाखिला लेना चाहते हैं। पिछले साल के कटऑफ और काउंसलिंग प्रक्रिया की जानकारी लेने से यह अंदाजा मिल जाता है कि लक्ष्य हासिल करने के लिए कितने अंक जरूरी होंगे।
CUET का सिलेबस मुख्य रूप से कक्षा 12 की NCERT किताबों पर आधारित होता है। इसलिए संबंधित विषयों की किताबों को अच्छी तरह पढ़ना और महत्वपूर्ण टॉपिक्स पर फोकस करना जरूरी है। इससे तैयारी व्यवस्थित और लक्ष्य के अनुसार हो पाती है।
मॉक टेस्ट और नियमित अभ्यास से बढ़ेगी तैयारी
CUET में अच्छा स्कोर करने के लिए नियमित मॉक टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करना बेहद जरूरी माना जाता है। इससे परीक्षा का पैटर्न समझने के साथ समय प्रबंधन की क्षमता भी बेहतर होती है।
साथ ही भाषा सेक्शन के लिए रोजाना अखबार पढ़ना, रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन की प्रैक्टिस करना और शब्दावली मजबूत करना मददगार होता है। जिन छात्रों को सेल्फ स्टडी में कठिनाई होती है, वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या कोचिंग संस्थानों के संसाधनों का भी सहारा ले सकते हैं।










