दिल्ली ब्लास्ट केस में फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉ शाहीन के बाद जांच एजेंसियों की नजर अब यूपी के 18 संदिग्धों पर है। एटीएस और खुफिया विभाग उनकी कॉल डिटेल, बैंक लेनदेन और इंटरनेट गतिविधियों की जांच कर रहे हैं।
Delhi Blast: दिल्ली ब्लास्ट मामले में फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से गिरफ्तार डॉ शाहीन की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों की नजर अब उत्तर प्रदेश के 18 संदिग्धों पर है। एजेंसियां पिछले तीन से चार साल में जेल से छूटे संदिग्ध आतंकियों के कॉल डिटेल, बैंक लेनदेन और इंटरनेट मीडिया की गतिविधियों की जांच कर रही हैं।
लखनऊ के खंदारी बाजार से निकला कनेक्शन
डॉ शाहीन का लखनऊ के खंदारी बाजार इलाके से संबंध सामने आने के बाद एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। खंदारी बाजार और उसके आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। जांच एजेंसियां अब इन 18 संदिग्धों पर 24 घंटे नजर रख रही हैं ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।
आतंक से जुड़े संदिग्धों की पड़ताल जारी
सूत्रों के अनुसार ये 18 लोग वही हैं जिनका नाम पहले भी आतंक से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। एजेंसियां अब इनका पूरा ब्यौरा खंगाल रही हैं। इनकी यात्रा (Travel History) और पुराने संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। लखनऊ पुलिस ने एटीएस (ATS) और खुफिया एजेंसियों से इन सभी आतंकियों और उनके करीबियों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

24 घंटे निगरानी के लिए बनाई गई विशेष टीमें
लखनऊ पुलिस ने संदिग्धों की निगरानी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। इन टीमों को एटीएस और खुफिया विभाग द्वारा दिए गए नामों और संभावित ठिकानों की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। ये टीमें लगातार संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं ताकि कोई भी खतरा समय रहते रोका जा सके।
फरीदाबाद में विस्फोटक और हथियार बरामद
फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार मिलने के बाद डॉ मुजम्मिल को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से मिली स्विफ्ट कार से एक असॉल्ट राइफल और अन्य हथियार बरामद हुए। जांच में यह सामने आया कि यह कार महिला डॉक्टर शाहीन के नाम पर पंजीकृत थी। इस खुलासे के बाद शाहीन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
लखनऊ की रहने वाली हैं डॉ शाहीन
डॉ शाहीन मूल रूप से लखनऊ के लालबाग इलाके की रहने वाली हैं। उनके छोटे भाई डॉ परवेज को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक डॉ परवेज अपनी बहन के संपर्क में था और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था।
सहारनपुर कनेक्शन भी जांच के घेरे में
सहारनपुर के अस्पताल से गिरफ्तार डॉ आदिल की शादी में शामिल हुए लोग भी अब जांच एजेंसियों की रडार पर हैं। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उन लोगों का इस मॉड्यूल से कोई संबंध था या नहीं।













