दिल्ली-NCR क्षेत्र लगातार गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में है। राजधानी की हवा रविवार को AQI 461 तक पहुंच गई, जो इस सीजन का सबसे खराब स्तर है। यह लगातार दूसरे दिन AQI 400 के पार दर्ज किया गया, जिससे शहर के लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।
नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर तक पहुंच गया है और बढ़ता AQI लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल कर रहा है। राजधानी में रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 461 दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे खराब स्तर है। एक दिन पहले यह संख्या 432 थी और आज भी कई इलाकों में AQI 400 के पार बना हुआ है।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली की हवा लगातार गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत ने वकीलों और वादियों को राहत देते हुए सलाह दी है कि वे अनावश्यक समय तक बाहर न रहें और स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
CJI ने वकीलों और वादियों को दी सलाह
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए यदि संभव हो, तो वकील और पक्षकार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने मामलों की पैरवी करें। सुप्रीम कोर्ट प्रशासन द्वारा रविवार को जारी परिपत्र में बताया गया कि सूचीबद्ध मामलों में वकील और पक्षकार ‘हाइब्रिड मोड’ का इस्तेमाल कर सकते हैं।
![]()
दिल्ली में लागू GRAP-4 योजना
दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए GRAP (Graded Response Action Plan) की स्टेज 4 लागू की हुई है। इस योजना के तहत शहर में कई प्रतिबंध लगाए गए हैं ताकि प्रदूषण को कम किया जा सके। GRAP-4 के तहत प्रतिबंधित गतिविधियां:
- भारी ट्रकों की एंट्री पर रोक
- BS-4 डीजल वाहनों पर प्रतिबंध
- BS-3 पेट्रोल वाहनों पर प्रतिबंध
- आवश्यक सेवाओं वाली गाड़ियों को छूट
दिल्ली-NCR में हवा की धीमी गति और मौसम की ठंडक ने प्रदूषण को और बढ़ा दिया है। सुबह धुंध और स्मॉग की मोटी चादर ने दृश्यता को काफी प्रभावित किया।












