दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी चोरी का वीडियो वायरल: मुंह ढककर 10 मिनट तक मौके पर बैठा रहा चोर

दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी चोरी का वीडियो वायरल: मुंह ढककर 10 मिनट तक मौके पर बैठा रहा चोर
AI IMAGE

सीकर में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्कूटी और बाइक चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। कोतवाली इलाके में CCTV में चोर स्कूटी ले जाता दिखा, जबकि उद्योग नगर में रेजिडेंसी की पार्किंग से बाइक चोरी हुई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Sikar: सीकर शहर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के बहड़ सर्किल के पास का है, जहां एक व्यक्ति की स्कूटी चोर ले उड़ा। वार्ड नंबर 30 निवासी मनोज कुमार पारीक ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर की रात करीब 8 बजे वह बहड़ सर्किल के पास एक दुकान पर सामान खरीदने गए थे। दुकान के सामने ही उन्होंने अपनी स्कूटी खड़ी की और अंदर चले गए।

करीब 10 मिनट बाद जब वह वापस लौटे तो स्कूटी वहां मौजूद नहीं थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी स्कूटी का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करवाई।

CCTV फुटेज में स्कूटी पर बैठा दिखा चोर

सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधे स्कूटी के पास आता दिखाई दिया। फुटेज के अनुसार चोर पहले कुछ देर तक स्कूटी पर बैठा रहा, मानो मौके का जायजा ले रहा हो। आसपास किसी की हलचल न होने पर उसने स्कूटी स्टार्ट की और आराम से वहां से फरार हो गया।

इस पूरी वारदात में करीब 10 मिनट का समय लगा, लेकिन किसी को भी चोरी की भनक नहीं लगी। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। कोतवाली थाना पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

रेजिडेंसी की पार्किंग से बाइक चोरी

सीकर में वाहन चोरी की दूसरी घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र से सामने आई है। नवलगढ़ रोड स्थित रॉयल रेजिडेंसी की पार्किंग से एक बाइक चोरी हो गई। इस मामले में धर्मेंद्र कुमार ने उद्योग नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। धर्मेंद्र ने बताया कि वह रॉयल रेजिडेंसी के एक फ्लैट में रहते हैं। उन्होंने रोज की तरह अपनी बाइक को रेजिडेंसी की पार्किंग में खड़ा किया था।

सुबह करीब 9:30 बजे जब वह बाहर आए तो पार्किंग से उनकी बाइक गायब थी। आसपास पूछताछ और तलाश के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। उद्योग नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रेजिडेंसी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Leave a comment