दुर्ग मर्डर केस: दोस्त से संबंध न बनाने पर प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या, रायपुर में फेंकी लाश

दुर्ग में नाबालिग से दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव डाला गया। इनकार पर बॉयफ्रेंड ने गला घोंटकर हत्या की और शव रायपुर में फेंक दिया। आरोपी यूपी से गिरफ्तार।
दुर्ग मर्डर केस: दोस्त से संबंध न बनाने पर प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या, रायपुर में फेंकी लाश

दुर्ग में नाबालिग की गला घोंटकर हत्या कर शव रायपुर में फेंकने का मामला सामने आया है। बॉयफ्रेंड ने दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव डाला था। पुलिस ने आरोपी को यूपी से गिरफ्तार किया है।

Chhattisgarh: 22 नवंबर 2025 को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह सोलस हाइट्स कॉलोनी के पीछे एक खाली प्लॉट में 16 साल की नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध हालत में मिला था। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में शव की हालत देखकर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि लड़की की मौत गला दबाने से हुई है। इसके बाद न्यू राजेंद्र नगर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

दो दिन पहले घर से निकली थी

जांच में पता चला कि मृतका रायपुर के तेलीबांधा इलाके के काशीराम नगर की रहने वाली थी। वह पार्टियों और आयोजनों में कैटरिंग का काम करती थी। परिजनों ने बताया कि वह दो दिन पहले घर से काम की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार उसकी तलाश कर रहा था, तभी पुलिस से शव मिलने की सूचना मिली।

लड़की के परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच शुरू की।

सीसीटीवी और कॉल डिटेल से खुली परतें

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को अहम जानकारी मिली कि नाबालिग को आखिरी बार तेलीबांधा के देवार बस्ती निवासी हरीश पटेल (23) और उसके दोस्त राहुल पटेल के साथ देखा गया था।

दुर्ग मर्डर केस: दोस्त से संबंध न बनाने पर प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या, रायपुर में फेंकी लाश

पुलिस को पता चला कि लड़की के दोनों युवकों के साथ संबंध थे। वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार थे और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। संदेह गहराने पर पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए मुख्य आरोपी हरीश पटेल को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में हरीश पटेल ने बताया कि मृतका उसकी गर्लफ्रेंड थी। 19 नवंबर 2025 को उसने लड़की को मिलने के बहाने दुर्ग बुलाया था। लड़की रायपुर से दुर्ग पहुंची, जहां आरोपी ने होटल में दो कमरे बुक किए और अपने दोस्त राहुल के साथ उसे ठहराया।

20 नवंबर को हरीश और उसका दोस्त राहुल, लड़की पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगे। जब लड़की ने इसका विरोध किया और साफ इनकार कर दिया, तो तीनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर दोनों आरोपियों ने गमछे से लड़की का गला और मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या को सुसाइड दिखाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की साजिश रची। लड़की के शव को बाइक पर रखकर दुर्ग से रायपुर लाया गया और न्यू राजेंद्र नगर इलाके के खाली प्लॉट में फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।

इतना ही नहीं, आरोपी हरीश ने लड़की के मोबाइल फोन से उसकी सहेली को आत्महत्या जैसे मैसेज भी भेजे। मैसेज में लिखा गया था कि वह जिंदगी से परेशान है और जीना नहीं चाहती। पुलिस ने इन चैट्स को भी जांच का हिस्सा बनाया।

शातिर चोर भी निकला आरोपी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी हरीश पटेल एक शातिर चोर है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रायपुर के अलग-अलग इलाकों में 11 सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके पास से 400 ग्राम सोने के जेवर, 3 किलो चांदी, 20 हजार रुपये नकद, मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।

फिलहाल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।

Leave a comment