ईशा कोप्पिकर किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। इस हसीन एक्ट्रेस को लोग आज भी 'खल्लास गर्ल' के नाम से पहचानते हैं। ईशा कोप्पिकर ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 1997 में तेलुगू फिल्म से की थी। इसके बाद उन्होंने तमिल सिनेमा और बॉलीवुड में भी खूब काम किया।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: एक्ट्रेस ईशा कोप्पिकर ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में अपने करियर, OTT प्लेटफॉर्म्स और राजनीतिक सफर पर खुलकर बातचीत की। 1997 में तेलुगू फिल्म से एक्टिंग की शुरुआत करने वाली ईशा को साउथ सिनेमा और बॉलीवुड दोनों में पहचान मिली। वह कुछ समय के लिए फिल्मों से ब्रेक भी ले चुकी थीं, लेकिन अब वे फिर से एक्टिव हैं।
बीते दिनों एक इवेंट में जब ईशा मंच पर पहुंचीं, तो लोगों ने ‘खल्लास गर्ल’ कहकर उनका स्वागत किया। ईशा ने मुस्कुराते हुए कहा, “सच कहूं तो, यह सुनकर आज भी बहुत खुशी होती है। खल्लास गाना (2002) हर किसी के लिए यादगार पल था। उस समय लोगों की दीवानगी देखने लायक थी। आज भी लोग मुझे देखकर खल्लास गर्ल कहते हैं। हर कलाकार को ऐसा प्यार नहीं मिलता, इसलिए यह मेरे लिए गर्व की बात है।”
OTT पर मिली आजादी
ईशा कोप्पिकर ने OTT प्लेटफॉर्म्स के महत्व को भी बताया। उनका कहना है कि OTT ने कलाकारों को नई आजादी दी है। उन्होंने कहा, “हर प्लेटफॉर्म ने मुझे कुछ नया सिखाया है। साउथ इंडियन फिल्मों में अनुशासन और काम के प्रति समर्पण कमाल का है। बॉलीवुड ने मुझे पहचान और शोहरत दी। वहीं OTT पर कंटेंट बहुत बेबाक होता है। यहां आप किसी भी समयसीमा में बंधे बिना, असली और गहरी कहानियां दिखा सकते हैं। एक कलाकार के लिए यह आजादी बहुत मायने रखती है।”
ईशा ने आगे कहा कि OTT पर काम करना उन्हें रचनात्मक रूप से स्वतंत्र बनाता है। “यहां आप बिना किसी पाबंदी के चुनौतीपूर्ण किरदार निभा सकते हैं। यह आजादी ही किसी कलाकार के लिए सबसे बड़ी चीज होती है।
![]()
राजनीति में योगदान का मकसद
2019 में ईशा ने राजनीति में कदम रखा था। इसके पीछे उनका मकसद ग्लैमर या पावर पाना नहीं, बल्कि समाज में योगदान देना था। उन्होंने कहा, “मैं महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाना चाहती थी। आज भी मैं सक्रिय हूं और आसपास की चीजों पर नजर रखती हूं। भविष्य में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी या नहीं, यह वक्त बताएगा, लेकिन मेरी नीयत साफ है।
ईशा का मानना है कि मुश्किलें ही इंसान को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने कहा, “मेरे करियर और जीवन में कई ऐसे दौर आए जब चीजें आसान नहीं थीं। इन कठिनाइयों ने मुझे मजबूती और स्पष्ट सोच दी। महिलाएं सिर्फ मुश्किलों से बचती नहीं, बल्कि उनसे लड़कर खुद को बदलती हैं। यही मेरे सफर की सबसे बड़ी सीख है।
ईशा ने अपनी फिटनेस और बेटी के साथ बिताए पलों पर भी चर्चा की। उनका कहना है, “फिटनेस मेरे लिए जरूरी है। यह मेरे मेंटल सुकून का जरिया है। महिलाओं में कई काम एक साथ संभालने की खूबी होती है। मैंने समय के साथ यह समझा है कि पहले फैमिली और हेल्थ होना चाहिए, फिर बाकी सब।











