एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026, प्रीति, प्रिया और अरुंधति फाइनल में, भारत को गोल्ड की उम्मीद

बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में प्रीति पवार, प्रिया और अरुंधति चौधरी ने फाइनल में जगह बना ली है, जबकि निखत जरीन और लवलीना बोरगोहेन को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा।

मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर में चल रही एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में भारत के लिए सोमवार का दिन मिला-जुला रहा। एक ओर जहां भारतीय महिला मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई, वहीं दूसरी ओर कुछ दिग्गज खिलाड़ियों को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

प्रीति पवार, प्रिया और अरुंधति चौधरी ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही भारत की चार महिला बॉक्सर अब तक फाइनल में पहुंच चुकी हैं, जिससे गोल्ड मेडल की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

प्रीति का दमदार प्रदर्शन, ओलिंपिक मेडलिस्ट को हराया

54 किलोग्राम वेट कैटेगरी में प्रीति पवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया की एजी इम को 5-0 से हराया। एजी इम पेरिस ओलिंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट रह चुकी हैं, लेकिन प्रीति ने पूरे मुकाबले में एकतरफा दबदबा बनाए रखा।

वर्ल्ड बॉक्सिंग कप की गोल्ड मेडलिस्ट प्रीति ने तीनों राउंड में आक्रामक खेल दिखाया और अपने प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अब फाइनल में उनका सामना चीनी ताइपे की हुवांग ह्सियाओ-वेन से होगा, जो तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन और टोक्यो ओलिंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट हैं।

यह मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है, लेकिन प्रीति के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनसे गोल्ड मेडल की उम्मीद की जा रही है।

प्रिया और अरुंधति भी फाइनल में, गोल्ड के लिए होंगी भिड़ंत

60 किलोग्राम वेट कैटेगरी में प्रिया ने मंगोलिया की नामून मोंखोर को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने पूरे मुकाबले में तकनीकी और रणनीतिक रूप से बेहतर प्रदर्शन किया। अब फाइनल में उनका मुकाबला उत्तर कोरिया की उन ग्योंग वॉन से होगा।

वहीं, 70 किलोग्राम कैटेगरी में अरुंधति चौधरी ने उज्बेकिस्तान की ओयशा तोइरोवा को 4-1 से हराया। यह मुकाबला काफी प्रतिस्पर्धात्मक रहा, लेकिन अरुंधति ने अपने अनुभव और संयम से जीत हासिल की।

फाइनल में उनका सामना कजाकिस्तान की बकित सेदिश से होगा। भारतीय खेमे को इन दोनों खिलाड़ियों से भी गोल्ड मेडल की उम्मीद है।

निखत और लवलीना को झटका, ब्रॉन्ज से संतोष

दूसरी ओर, भारत की स्टार मुक्केबाज निखत जरीन और लवलीना बोरगोहेन को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा, जिससे उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ा।

एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026, प्रीति, प्रिया और अरुंधति फाइनल में, भारत को गोल्ड की उम्मीद

51 किलोग्राम वेट में निखत जरीन को चीन की मौजूदा ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट वू यू ने 5-0 से हराया। वू यू को दुनिया की सबसे आक्रामक मुक्केबाजों में गिना जाता है और उन्होंने मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा।

वहीं, 75 किलोग्राम कैटेगरी में लवलीना बोरगोहेन को उज्बेकिस्तान की अजीजा जोकिरोवा ने 5-0 से हराया। इसके अलावा 80 किलोग्राम वेट में अनुभवी पूजा रानी भी कजाकिस्तान की नादेज्दा रयाबेट्स से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

तकनीकी बाधा बनी कारण, अंकुशिता को मिली हार

65 किलोग्राम वेट कैटेगरी में अंकुशिता बोरो का मुकाबला चीनी ताइपे की निएन-चिन चेन से था। मुकाबले के दौरान पहले राउंड के बाद अचानक बिजली चली गई, जिससे खेल में लंबा व्यवधान आ गया।

तकनीकी समस्या के कारण मैच को आगे जारी नहीं रखा जा सका और फैसला अंकों के आधार पर किया गया। इस स्थिति में अंकुशिता को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।

Leave a comment