NEET-PG 2025-26 की काउंसलिंग में सरकारी मेडिकल कॉलेजों तक में बेहद कम अंकों पर पीजी सीटें मिलने से विवाद गहरा गया है। FORDA ने इसे मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता के लिए खतरा बताते हुए कट-ऑफ में भारी गिरावट और संभावित सीटों की खरीद-बिक्री पर सवाल उठाए हैं।
NEET-PG Cut-Off Controversy: साल 2025-26 के लिए NEET-PG काउंसलिंग के तीसरे राउंड में देश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में असामान्य रूप से कम अंकों पर पीजी दाखिले सामने आए हैं। FORDA के अनुसार, ऑर्थोपेडिक, गायनी और जनरल सर्जरी जैसी प्रतिष्ठित ब्रांचों में भी सिंगल और लो-डबल डिजिट स्कोर पर सीटें अलॉट हुईं। यह स्थिति हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सभी श्रेणियों के लिए कट-ऑफ में की गई बड़ी कटौती के बाद बनी है, जिस पर अब मेडिकल ट्रेनिंग की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।
बेहद कम अंकों पर सरकारी कॉलेजों में दाखिला
तीसरे राउंड की काउंसलिंग में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां पहले प्रतिष्ठित माने जाने वाले क्लिनिकल और नॉन-क्लिनिकल विषयों में असामान्य रूप से कम अंकों पर एडमिशन हुआ है। जानकारी के मुताबिक, ऑर्थोपेडिक, गायनी और जनरल सर्जरी जैसे विषयों में भी सिंगल और लो-डबल डिजिट स्कोर पर सीटें अलॉट हुई हैं।
FORDA की नेशनल जनरल सेक्रेटरी डॉ. शारदा का कहना है कि पहले जिन ब्रांचों में दाखिला पाना गर्व की बात होती थी, वहां अब न्यूनतम अकादमिक स्तर भी चुनौती में दिख रहा है। उनके मुताबिक यह बदलाव सिर्फ आंकड़ों का नहीं, बल्कि मेडिकल ट्रेनिंग की गुणवत्ता से जुड़ा मसला है।
![]()
कट-ऑफ में भारी गिरावट से बढ़ी चिंता
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 2025-26 सत्र के लिए NEET-PG कट-ऑफ में सभी श्रेणियों में बड़ी राहत दी। जनरल और EWS के लिए जहां पहले 50 पर्सेंटाइल जरूरी था, वहीं अब यह बेहद निचले स्तर तक आ गया है। एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग में तो स्थिति और भी चौंकाने वाली बताई जा रही है।
डॉक्टरों का कहना है कि इतनी बड़ी कटौती का असर सीधे काउंसलिंग प्रक्रिया पर पड़ा है। इसका नतीजा यह हुआ कि सरकारी कॉलेजों में भी ऐसे उम्मीदवार दाखिला पा रहे हैं, जिनका अकादमिक प्रदर्शन पहले अयोग्य माना जाता था।
सीटों की खरीद-बिक्री की आशंका
FORDA ने इस पूरी स्थिति में निजी मेडिकल कॉलेजों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन को आशंका है कि कुछ संस्थानों में सीटों की खरीद-बिक्री हो सकती है, जिससे सिर्फ कॉलेजों को फायदा और छात्रों व सिस्टम को नुकसान हो रहा है।
डॉ. शारदा का कहना है कि अगर अभी सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इसका असर लंबे समय तक दिखेगा। कमजोर ट्रेनिंग से निकले डॉक्टरों का सीधा असर मरीजों और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ेगा।











