RITES Recruitment 2026: इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स के लिए निकली सरकारी भर्ती, 22 दिसंबर तक करें आवेदन

राइट्स लिमिटेड में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स के लिए सरकारी भर्ती निकली है। इच्छुक उम्मीदवार 22 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया।
RITES Recruitment 2026: इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स के लिए निकली सरकारी भर्ती, 22 दिसंबर तक करें आवेदन

राइट्स लिमिटेड ने असिस्टेंट मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) के 20 पदों पर भर्ती निकाली है। योग्य उम्मीदवार 22 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 40 हजार रुपये से 1.40 लाख रुपये तक वेतनमान मिलेगा।

एजुकेशन न्यूज़: इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके युवाओं के लिए सरकारी कंपनी में नौकरी का अवसर आया है। रेल मंत्रालय के अधीन नवरत्न कंपनी राइट्स लिमिटेड (RITES Limited) ने असिस्टेंट मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) के पदों पर नियमित भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट rites.com पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं।

किस वर्ग के लिए कितने पद हैं खाली?

राइट्स लिमिटेड इस भर्ती के माध्यम से असिस्टेंट मैनेजर के कुल 20 पद भरेगी। इनमें नौ पद अनारक्षित हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पांच, अनुसूचित जाति के लिए तीन और अनुसूचित जनजाति के लिए दो पद निर्धारित किए गए हैं। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए एक पद रखा गया है। आवेदन करने और ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 22 दिसंबर 2026 है। उम्मीदवारों की आयु, शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव की गणना भी इसी तारीख के आधार पर होगी।

किन इंजीनियरिंग ब्रांच के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन?

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग अथवा संबंधित शाखा में फुल टाइम ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, विद्युत आपूर्ति इंजीनियरिंग, इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल, इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, एप्लाइड इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक्स और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) की सेक्शन ए और बी की परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।

सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए डिग्री में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। आरक्षित पदों पर आवेदन करने वाले ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर, एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। अनारक्षित पदों के लिए आवेदन करने पर सभी उम्मीदवारों को 60 प्रतिशत अंकों की शर्त पूरी करनी होगी।

दो साल का अनुभव जरूरी, अधिकतम उम्र 32 वर्ष

RITES Recruitment 2026: इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स के लिए निकली सरकारी भर्ती, 22 दिसंबर तक करें आवेदन

इस नौकरी के लिए केवल इंजीनियरिंग की डिग्री होना पर्याप्त नहीं है। उम्मीदवारों के पास डिग्री हासिल करने के बाद संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो साल का कार्य अनुभव भी होना चाहिए। रेलवे विद्युतीकरण, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन, साइट सुपरविजन, बिजली वितरण प्रणाली, विद्युत मशीनों और भवनों में बिजली उपकरणों की स्थापना एवं रखरखाव से जुड़ा अनुभव मान्य होगा। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 32 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।

लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। अंतिम मेरिट में लिखित परीक्षा के अंकों का वेटेज 60 प्रतिशत और इंटरव्यू का 40 प्रतिशत रहेगा। इंटरव्यू में तकनीकी जानकारी के लिए 30 प्रतिशत तथा व्यक्तित्व और कार्यक्षमता के लिए 10 प्रतिशत वेटेज निर्धारित है। लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों को 1:6 के अनुपात में इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।

कितना मिलेगा वेतन और आवेदन शुल्क?

असिस्टेंट मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) के पद पर नियुक्त होने वाले उम्मीदवारों का वेतनमान 40,000 रुपये से 1,40,000 रुपये होगा। नौकरी की शुरुआत में मूल वेतन 40,000 रुपये रहेगा। सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 600 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए शुल्क 300 रुपये है। इसके अतिरिक्त लागू जीएसटी और अन्य शुल्क देने होंगे।

राइट्स लिमिटेड भर्ती के लिए कैसे करें आवेदन?

उम्मीदवार सबसे पहले राइट्स लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट rites.com पर जाएं। वेबसाइट के करियर सेक्शन में विज्ञापन संख्या RG/53/26 तलाशें। इसके बाद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करके अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव का विवरण भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें। फॉर्म जमा होने पर उसकी एक कॉपी और भुगतान की रसीद सुरक्षित रख लें। डाक या कुरियर से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Leave a comment