बर्च बाय रोमियो लेन के मालिक लूथरा भाइयों ने अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है। इस मामले में सेशंस कोर्ट में आज दोपहर 2 बजे सुनवाई होगी, जिसकी पुष्टि उनकी लीगल टीम के एक वकील ने की है।
नई दिल्ली: गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित मशहूर नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में हुई भीषण आग की घटना से जुड़े मामले में बड़े कानूनी घटनाक्रम सामने आए हैं। नाइटक्लब के मालिक लूथरा भाइयों ने दिल्ली की रोहिणी सेशंस कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) के लिए याचिका दायर की है। उनकी कानूनी टीम के एक वकील ने पुष्टि की है कि इस याचिका पर आज दोपहर 2 बजे सुनवाई होगी।
यह मामला देशभर में इसलिए गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इस हादसे में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद से लूथरा भाइयों की भूमिका को लेकर जांच एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं।
नाइटक्लब पर चलेगा बुलडोजर, सीएम का बयान
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने कहा है कि अरपोरा स्थित जिस स्थान पर नाइटक्लब संचालित किया जा रहा था, वह सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना हुआ था। प्रशासन ने वागाटोर इलाके में स्थित ‘रोमियो लेन’ रेस्टोरेंट और बर्च नाइटक्लब को सील कर दिया है और जल्द ही वहां बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण पूरी तरह से नियमों के खिलाफ था और फायर सेफ्टी मानकों की भी गंभीर अनदेखी की गई थी।
![]()
भारत छोड़ थाईलैंड भागे लूथरा ब्रदर्स
आग लगने की घटना के बाद से ही लूथरा भाइयों की तलाश तेज कर दी गई थी। 7 दिसंबर को उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया। इसके बाद सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल ने थाईलैंड की सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क साधा है। इंटरपोल द्वारा ब्लू नोटिस जारी किया गया है, जिसका उद्देश्य आरोपियों की पहचान, उनकी मौजूदा लोकेशन और गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं एकत्र करना होता है। इंटरपोल ने फुकेट पुलिस को निर्देश दिया है कि लूथरा भाइयों को जल्द हिरासत में लेकर इसकी सूचना गोवा पुलिस को दी जाए।
जानकारी के अनुसार, नाइटक्लब हादसे के कुछ ही घंटों बाद लूथरा ब्रदर्स मुंबई से इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान पकड़कर थाईलैंड के फुकेट भाग गए थे। इस मामले में गोवा पुलिस ने एक अहम गिरफ्तारी भी की है। पुलिस ने पंजाबी बस्ती, सब्जी मंडी क्षेत्र से भरत कोहली नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो नाइटक्लब के संचालन में प्रमुख भूमिका निभा रहा था।












