सोने और चांदी की कीमतों में इस हफ्ते लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिल रही है। मंगलवार को घरेलू वायदा बाजार में सोने के भाव में 1 फीसदी से कम की कमजोरी दर्ज की गई, जबकि चांदी की कीमतों में 1 फीसदी से अधिक की गिरावट देखने को मिली।
Gold Silver Rate Today: घरेलू वायदा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोर संकेतों और निवेशकों की सतर्कता के बीच MCX (Multi Commodity Exchange) पर दोनों कीमती धातुएं दबाव में कारोबार करती नजर आईं। जहां सोने के भाव में मामूली गिरावट देखने को मिली, वहीं चांदी की कीमतों में एक फीसदी से ज्यादा की तेज गिरावट दर्ज की गई।
बाजार खुलने के बाद से ही सोना और चांदी दोनों लाल निशान में बने रहे। निवेशकों की नजर अब वैश्विक आर्थिक संकेतों, अमेरिकी डॉलर की चाल और ब्याज दरों से जुड़े फैसलों पर बनी हुई है, क्योंकि इनका सीधा असर कीमती धातुओं की कीमतों पर पड़ता है।
MCX पर सोने की कीमतों में गिरावट
मंगलवार सुबह करीब 9:53 बजे 5 अगस्त डिलीवरी वाला सोना MCX पर 937 रुपये यानी 0.64 फीसदी की गिरावट के साथ 1,45,980 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इससे पहले सोने ने कारोबार की शुरुआत 351 रुपये की गिरावट के साथ 1,46,566 रुपये प्रति 10 ग्राम पर की थी। सोमवार को सोने का वायदा भाव 1,46,917 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
दिन के कारोबार के दौरान सोने ने 1,46,566 रुपये प्रति 10 ग्राम का इंट्राडे हाई और 1,45,767 रुपये प्रति 10 ग्राम का इंट्राडे लो स्तर छुआ। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली और वैश्विक बाजारों में कमजोरी के कारण सोने पर दबाव देखने को मिल रहा है।
![]()
चांदी के भाव में भारी गिरावट
सोने की तुलना में चांदी में ज्यादा कमजोरी देखने को मिली। मंगलवार को 4 सितंबर डिलीवरी वाली चांदी MCX पर 2,816 रुपये यानी 1.19 फीसदी की गिरावट के साथ 2,33,283 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कारोबार कर रही थी। चांदी ने कारोबार की शुरुआत ही 1,999 रुपये की गिरावट के साथ 2,34,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर की थी।
सोमवार को चांदी का वायदा भाव 2,36,099 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,34,100 रुपये प्रति किलोग्राम का इंट्राडे हाई और 2,32,862 रुपये प्रति किलोग्राम का इंट्राडे लो स्तर दर्ज किया।
सर्राफा बाजार में भी कमजोर हुए दाम
वायदा बाजार के अलावा घरेलू सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमत में 150 रुपये की कमी आई और यह 1,50,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव पिछले कारोबारी सत्र में 1,50,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
वहीं, चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। कारोबारियों के अनुसार, चांदी में चार दिनों से जारी तेजी सोमवार को थम गई। शुक्रवार के मुकाबले चांदी करीब 5,000 रुपये टूटकर 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।








