रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद 27 जनवरी को सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मुनाफावसूली के कारण दबाव दिखा, जबकि घरेलू बाजार में दाम ऊंचे स्तर पर बने रहे।
Gold Silver Rate: सोना और चांदी ने 26 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नया रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन 27 जनवरी 2026 मंगलवार को इस तेजी पर ब्रेक लग गया है। आज सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। इंटरनेशनल मार्केट में मुनाफावसूली के चलते गोल्ड और सिल्वर दोनों दबाव में हैं।
कॉमेक्स (COMEX) पर आज सोने का भाव गिरकर 5,019.60 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है, जबकि चांदी 106.99 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कल की तेज उछाल के बाद निवेशकों ने प्रॉफिट बुकिंग की है, जिससे आज कीमतों में कमजोरी आई है।
मुनाफावसूली से आई गिरावट
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोने और चांदी में आई यह गिरावट शॉर्ट टर्म की है। बीते कुछ सत्रों में गोल्ड और सिल्वर में बहुत तेज तेजी देखने को मिली थी, जिसके बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू किया।
हालांकि जानकार यह भी मानते हैं कि मौजूदा गिरावट लंबी नहीं चलेगी। जियो-पॉलिटिकल टेंशन, ग्लोबल अनिश्चितता और इक्विटी मार्केट की अस्थिरता के चलते आने वाले समय में एक बार फिर सोना और चांदी मजबूत हो सकते हैं।
MCX पर क्या है स्थिति
भारत में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर पिछले सप्ताह शुक्रवार को सोने का भाव 1,55,963 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव 3,34,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।
इसके बाद सोमवार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के कारण एमसीएक्स पर कारोबार नहीं हुआ। अब बाजार की नजर आज के ट्रेडिंग सेशन पर टिकी है। माना जा रहा है कि एमसीएक्स पर कारोबार शुरू होने के बाद कीमतों में हल्की रिकवरी देखने को मिल सकती है, हालांकि ग्लोबल संकेत फिलहाल कमजोर बने हुए हैं।
क्या फिर आएगी सोना-चांदी में तेजी
सोना और चांदी को लेकर लॉन्ग टर्म आउटलुक अब भी पॉजिटिव माना जा रहा है। मशहूर निवेशक और ‘Rich Dad Poor Dad’ किताब के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी समेत कई मार्केट एक्सपर्ट्स पहले ही संकेत दे चुके हैं कि आने वाले समय में कीमती धातुओं की कीमतें और ऊपर जा सकती हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, जब भी वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बढ़ती है, निवेशक रिस्की एसेट्स से दूरी बनाकर सेफ हेवन यानी सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख करते हैं। ऐसे समय में गोल्ड और सिल्वर को एक तरह का इंश्योरेंस माना जाता है, जिससे इनकी डिमांड बढ़ जाती है।
जियो-पॉलिटिकल टेंशन से मिल सकता है सपोर्ट
वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर ट्रेड टेंशन, जियो-पॉलिटिकल रिस्क और ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इन हालात में सोना और चांदी को सपोर्ट मिलने की संभावना बनी रहती है।
मार्केट जानकारों का कहना है कि अगर इक्विटी बाजारों में दबाव बढ़ता है या वैश्विक तनाव और गहराता है, तो गोल्ड और सिल्वर फिर से तेजी पकड़ सकते हैं। इसलिए निवेशकों के लिए यह गिरावट एक अवसर भी मानी जा रही है।
भारत में आज सोने का भाव
27 जनवरी 2026 को भारत में 24 कैरेट सोने का औसत भाव 1,61,960 रुपये प्रति दस ग्राम के आसपास पहुंच गया है। अलग-अलग शहरों में टैक्स और मेकिंग चार्ज के कारण कीमतों में हल्का अंतर देखा जा सकता है।
घरेलू बाजार में सोने की कीमतें इंटरनेशनल मार्केट के ट्रेंड और रुपये-डॉलर के मूवमेंट से प्रभावित होती हैं।
दिल्ली में सोने और चांदी के रेट
देश की राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने का भाव 1,62,110 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं 22 कैरेट सोना 1,48,610 रुपये प्रति दस ग्राम पर बिक रहा है।
दिल्ली में एक किलो चांदी का भाव 3,60,100 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है, जो अब तक के ऊंचे स्तरों के आसपास बना हुआ है।
मुंबई में लेटेस्ट गोल्ड-सिल्वर प्राइस
मुंबई में आज 22 कैरेट सोने का भाव 1,48,460 रुपये प्रति दस ग्राम दर्ज किया गया है। 24 कैरेट सोने के दाम भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं।
चांदी की बात करें तो मुंबई में भी एक किलो सिल्वर 3,60,100 रुपये के आसपास कारोबार कर रही है।
पटना में सोने का भाव
पटना में आज 18 कैरेट सोने का रेट 1,21,520 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। यह कीमत स्थानीय मांग और टैक्स के आधार पर तय होती है।
चांदी के दाम पटना में भी अन्य बड़े शहरों के समान 3,60,100 रुपये प्रति किलो के आसपास बने हुए हैं।
निवेशकों के लिए क्या है संकेत
आज की गिरावट ने निवेशकों के मन में सवाल जरूर खड़े किए हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स इसे घबराने की वजह नहीं मानते। उनका कहना है कि गोल्ड और सिल्वर में लॉन्ग टर्म स्ट्रक्चर अब भी मजबूत है।











