SBI MSME Loan: छोटे कारोबारियों को जल्द मिलेगा 50 करोड़ रुपये तक का लोन, जानें कैसे होगी आवेदन प्रक्रिया

एसबीआई छोटे कारोबारियों को जल्द 50 करोड़ रुपये तक का लोन देने की सुविधा शुरू करेगा। जानें लोन की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी। एसबीआई
SBI MSME Loan: छोटे कारोबारियों को जल्द मिलेगा 50 करोड़ रुपये तक का लोन, जानें कैसे होगी आवेदन प्रक्रिया

भारतीय स्टेट बैंक अपने MSME ड्रीम कार्यक्रम के तहत कारोबारियों की लोन सीमा पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये करने की तैयारी में है। मार्च 2027 तक यह योजना लागू करने का लक्ष्य है।

बिजनेस न्यूज़: कारोबार बढ़ाने के लिए पूंजी जुटाने वाले छोटे और मध्यम उद्यमियों को जल्द ही भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से बड़ी राहत मिल सकती है। बैंक अपने डिजिटल लेंडिंग प्रोग्राम 'MSME ड्रीम' के तहत कर्ज की अधिकतम सीमा में दस गुना बढ़ोतरी करने की योजना बना रहा है। फिलहाल इस कार्यक्रम के तहत पांच करोड़ रुपये तक का लोन मिलता है, जिसे मार्च 2027 तक बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये करने की तैयारी है।

30 नवंबर तक बढ़ सकती है लोन की सीमा

एसबीआई लोन की सीमा में बढ़ोतरी चरणबद्ध तरीके से करेगा। पहले चरण में 30 नवंबर 2026 तक अधिकतम कर्ज राशि पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद मार्च 2027 तक बैंक अपने पूरे शाखा नेटवर्क में 50 करोड़ रुपये तक की लोन सीमा लागू करने की योजना बना रहा है। इससे मशीनरी खरीदने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और कारोबार के विस्तार के लिए अधिक पूंजी की जरूरत वाले उद्यमियों को फायदा मिल सकता है।

अब तक 2.25 लाख करोड़ रुपये के लोन मंजूर

भारतीय स्टेट बैंक ने दिसंबर 2023 में MSME ड्रीम कार्यक्रम शुरू किया था। इसके जरिए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को डिजिटल माध्यम से कर्ज हासिल करने की सुविधा दी जाती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कार्यक्रम की शुरुआत से अब तक बैंक करीब 2.25 लाख करोड़ रुपये के लोन मंजूर कर चुका है। बैंक अब इसी डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से कारोबारियों की बड़ी वित्तीय जरूरतों को पूरा करना चाहता है।

30 से 45 मिनट में मिल सकती है लोन की शुरुआती मंजूरी

SBI MSME Loan: छोटे कारोबारियों को जल्द मिलेगा 50 करोड़ रुपये तक का लोन, जानें कैसे होगी आवेदन प्रक्रिया

MSME ड्रीम कार्यक्रम के तहत कारोबारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने व्यवसाय और वित्तीय स्थिति से जुड़ी जानकारी जमा करनी होती है। बैंक का सिस्टम उपलब्ध वित्तीय आंकड़ों और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर आवेदक की कर्ज चुकाने की क्षमता का आकलन करता है। एसबीआई के एक अधिकारी के मुताबिक, इस प्रक्रिया के जरिए 30 से 45 मिनट के भीतर लोन की सैद्धांतिक मंजूरी (In-Principle Approval) मिल सकती है।

हालांकि, शुरुआती मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि लोन की रकम तुरंत खाते में आ जाएगी। अंतिम मंजूरी और भुगतान बैंक की निर्धारित शर्तों तथा जरूरी जांच पूरी होने पर निर्भर करेगा।

डिजिटल लोन में कम रहा एनपीए

एसबीआई के मुताबिक, MSME ड्रीम कार्यक्रम के तहत दिए गए कर्ज की गुणवत्ता भी बेहतर रही है। इस कार्यक्रम का ग्रॉस एनपीए (NPA) अनुपात 0.50 प्रतिशत से कम है। वहीं, बैंक के कुल एमएसएमई लोन पोर्टफोलियो में यह आंकड़ा 1.50 प्रतिशत से अधिक है। एनपीए से आशय ऐसे कर्ज से है, जिनका भुगतान निर्धारित बैंकिंग नियमों के अनुसार समय पर नहीं हो रहा है। डिजिटल लेंडिंग कार्यक्रम में कम एनपीए का आंकड़ा बैंक के लिए उत्साहजनक है।

देश की अर्थव्यवस्था में MSME की बड़ी हिस्सेदारी

भारत में रोजगार उपलब्ध कराने से लेकर औद्योगिक उत्पादन और निर्यात बढ़ाने तक एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के मुताबिक, देश की जीडीपी में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी 31.1 प्रतिशत है। मैन्युफैक्चरिंग आउटपुट में एमएसएमई का योगदान 35.4 प्रतिशत है, जबकि देश के कुल निर्यात में इसकी हिस्सेदारी 48.58 प्रतिशत है।

एसबीआई के अधिकारियों का मानना है कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए छोटे और मध्यम उद्योगों को अपनी उत्पादन क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने की जरूरत होगी। इसके लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध होना भी जरूरी है।

Leave a comment