गोंडा के हथियागढ़ बाजार में एक युवती प्रेमी से शादी की मांग को लेकर बैंक के टावर पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले ड्रामे के बाद पुलिस ने समझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गोंडा: हथियागढ़ बाजार में शुक्रवार सुबह एक युवती प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर बैंक के टावर पर चढ़ गई। करीब 20 फीट ऊंचे टावर पर बैठी युवती को नीचे उतारने के लिए पुलिस को दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ी युवती
हथियागढ़ बाजार में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रायपुर निवासी 23 वर्षीय रेशमा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के टावर पर चढ़ गई। बताया गया कि युवती सुबह करीब साढ़े पांच बजे नंगे पांव टावर पर पहुंची और वहीं बैठकर अपने प्रेमी को बुलाने की मांग करने लगी।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब युवती को टावर पर देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया।
रिश्तेदारी के दौरान हुआ था प्रेम संबंध
युवती ने पुलिस को बताया कि उसका प्रेम संबंध अमित नाम के युवक से है, जो बलरामपुर जिले का रहने वाला है। दोनों परिवारों में रिश्तेदारी होने के कारण मुलाकातें बढ़ीं और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।
रेशमा का आरोप है कि करीब तीन साल पहले दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर सहमति बनी थी। परिवार की ओर से एक मई 2026 के बाद शादी कराने का भरोसा भी दिया गया था। हालांकि बाद में युवक मुंबई चला गया और अब उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
पहले भी की थी शिकायत
युवती के मुताबिक उसने इस मामले में पहले भी छपिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस युवक के गांव तक पहुंची थी, जहां उसके मुंबई में होने की जानकारी मिली थी। दोनों पक्षों को रविवार को थाने बुलाया गया था, लेकिन उससे पहले ही युवती ने यह कदम उठा लिया।
करीब दो घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। थाना अध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने युवती का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वायरल वीडियो में युवती टावर पर बैठी पुलिसकर्मियों से बातचीत करती दिखाई दे रही है। काफी देर तक बाजार में लोगों की भीड़ लगी रही और घटना चर्चा का विषय बनी रही।











