गुरुग्राम में सड़क हादसे के बाद एक छात्रा से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। छात्रा ने डरकर खुद को कार में लॉक कर लिया और पुलिस को कई बार कॉल किया, लेकिन मदद देर से पहुंचने का आरोप लगा है।
Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सेक्टर 49 में एक छात्रा के साथ कथित बदसलूकी और पुलिस की देरी से कार्रवाई का मामला सामने आया है। छात्रा ने दावा किया कि उसने मदद के लिए कई बार पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल किया, लेकिन पुलिस करीब 37 मिनट बाद मौके पर पहुंची।
मामूली सड़क हादसे के बाद बढ़ा विवाद
गुरुग्राम के सेक्टर 49 में एक मामूली सड़क हादसे के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्रा को डरकर अपनी कार अंदर से लॉक करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक 12वीं कक्षा की छात्रा अपनी सहेली के साथ परीक्षा देकर लौट रही थी, तभी उसकी कार एक प्राइवेट टैक्सी से टच हो गई।
आरोप है कि हादसे के बाद टैक्सी चालक और उसके साथ मौजूद कुछ अन्य लोगों ने छात्रा के साथ बदसलूकी की। स्थिति बिगड़ती देख छात्रा ने खुद को कार में बंद कर लिया और अंदर से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।
मदद के लिए किए कई कॉल, पुलिस पर उठे सवाल
पीड़ित छात्रा और उसकी मां का दावा है कि घटना के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम को करीब 20 बार कॉल किया गया। इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में लगभग 37 मिनट लग गए।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस के रिस्पांस टाइम को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि हाई-टेक और संवेदनशील माने जाने वाले Gurugram जैसे शहर में महिला सुरक्षा को लेकर ऐसी देरी चिंता का विषय है।
पुलिस ने क्या कहा?
मामले पर गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद PCR टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










