हीरपुरा गांव में शर्मनाक घटना: बकरियों के विवाद में बुजुर्ग की बेरहमी से की पिटाई

बाड़मेर के हीरपुरा गांव में बकरियों के विवाद में युवक ने बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई की। 36 सेकंड का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

बाड़मेर के हीरपुरा गांव में युवक ने बकरियों को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा। मारपीट का 36 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Rajasthan: बाड़मेर जिले के गडरारोड थाना क्षेत्र के हीरपुरा गांव में 31 जनवरी को एक शर्मनाक घटना सामने आई। गांव के एक 50 वर्षीय बुजुर्ग के साथ युवक ने बेरहमी से मारपीट की। यह घटना उस समय हुई जब बुजुर्ग बकरियां लेकर गांव के ही भंवरपुरी के घर पहुंचा था।

घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया, जिसमें पूरी मारपीट साफ तौर पर देखी जा सकती है। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस हरकत में आई।

बकरियां कम होने पर हुआ विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बुजुर्ग बकरियों को लेकर भंवरपुरी के घर पहुंचा था। बकरियों की संख्या कम होने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि भंवरपुरी ने गुस्से में आकर बुजुर्ग के साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग उस समय जमीन पर बैठा पानी पी रहा था। तभी युवक ने अचानक उसके सिर पर जूते से वार करना शुरू कर दिया। बुजुर्ग लगातार उससे पूछता रहा कि आखिर क्या गलती हो गई, लेकिन युवक नहीं रुका।

लातों से की पीटा

मारपीट के दौरान बुजुर्ग किसी तरह खड़ा होकर वहां से बाहर जाने की कोशिश करने लगा। इस पर आरोपी युवक ने उसे लात भी मारी। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति भी उसके पीछे दौड़ता हुआ नजर आया।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक बुजुर्ग को गालियां देते हुए घर से बाहर निकालता है और पीछे से लात मारता है। इस दौरान दो अन्य युवक भी मौके पर मौजूद थे। एक युवक वीडियो बनाता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा तमाशबीन बना खड़ा रहा।

36 सेकंड का वीडियो

गडरारोड थाना प्रभारी मुकनदान ने जानकारी दी कि मंगलवार शाम एक बुजुर्ग व्यक्ति ने थाने पहुंचकर मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने हीरपुरा निवासी भंवरपुरी पुत्र शिवपुरी को आरोपी बताया। पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए आरोपी को पकड़ लिया है और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो करीब 36 सेकंड का है, जो घटना की सच्चाई को साफ दिखाता है। पुलिस अब वीडियो बनाने और मौके पर मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a comment