हरमाड़ा लोहा मंडी रोड बना एक्सीडेंट जोन, तेज रफ्तार कार ने ली दो युवकों की जान

जयपुर के हरमाड़ा लोहा मंडी रोड पर तेज कार ने दो युवकों को कुचला, दोनों की मौत। परिजन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर सड़क जाम किया।

जयपुर के हरमाड़ा लोहा मंडी रोड पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने दो पैदल युवकों को कुचल दिया। दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने सड़क जाम कर गिरफ्तारी की मांग की।

Jaipur: हरमाड़ा लोहा मंडी रोड लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। शनिवार रात करीब 10:30 बजे बालाजी धर्मकांटे के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पैदल जा रहे दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बिरदीचंद शर्मा (44) निवासी भीलपुरा कालाडेरा हाल लोहा मंडी और राहुल मीणा (20) निवासी मीणा मोहल्ला, माचड़ा-हरमाड़ा के रूप में हुई है।

बिरदीचंद घटनास्थल के सामने ही मिठाई की दुकान चलाते थे। शनिवार रात दुकान बंद कर वह घर लौट रहे थे। राहुल का घर भी दुकान के सामने ही है। वह खाना खाने के बाद टहलने निकला था। बिरदीचंद ने उसे आवाज देकर बुला लिया और दोनों सर्विस लेन पर पैदल चलते हुए बातचीत कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें चपेट में ले लिया।

कार छोड़कर फरार हुए आरोपी युवक

हरमाड़ा लोहा मंडी रोड बना एक्सीडेंट जोन, तेज रफ्तार कार ने ली दो युवकों की जान

हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर ब्रेजा कार से टकरा गया। इसके बाद कार में सवार दोनों युवक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की वजह मानी जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद सड़क जाम

रविवार दोपहर कांवटिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग शव लेकर घटनास्थल पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

लोगों ने सड़क पर लकड़ी और टायर जलाकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हादसे में शामिल कार में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही थी और चालक के परिजन उसे मौके से भगा ले गए। करीब एक घंटे तक चले जाम के बाद थानाधिकारी उदय सिंह यादव मौके पर पहुंचे और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर रास्ता खुलवाया गया।

राहुल मीणा के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

20 वर्षीय राहुल मीणा की शादी महज आठ महीने पहले ही हुई थी। परिवार अभी नई शादी की खुशियों में ही था कि यह हादसा सब कुछ छीन ले गया। वर्ष 2022 में राहुल के पिता महेश मीणा की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी।

इससे पहले उसके दादा की भी सड़क हादसे में जान गई थी। अब परिवार में केवल छोटा भाई सूरज बचा है, जो अभी स्कूल में पढ़ाई कर रहा है। राहुल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद था। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

Leave a comment