छात्रा हॉस्टल में अकेली थी जब बेहोशी की हालत में मिली। पिता और मामा का आरोप है कि हॉस्टल संचालक मामले को दबाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
Bihar: पटना के चित्रगुप्त नगर में एक हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा रविवार शाम अपने कमरे में बेहोश मिली। हॉस्टल स्टाफ ने तुरंत उसे अस्पताल ले जाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा 5 जनवरी को घर से हॉस्टल लौट चुकी थी। अगले दिन यानी 6 जनवरी को उसने हॉस्टल की अन्य छात्राओं के साथ खाना खाया और कमरे में चली गई।
इसके बाद वह बाहर नहीं आई। हॉस्टल स्टाफ ने गेट तोड़कर उसे कमरे से निकाला, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। ASP सदर अभिनव कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान लड़की की मृत्यु हो गई। प्राथमिक जांच में किसी तरह के प्राइवेट पार्ट के जख्म नहीं पाए गए, लेकिन कमरे से नींद की गोली बरामद हुई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्रा कब और कितनी गोली ले रही थी।
पिता और मामा ने लगाए गंभीर आरोप
छात्रा के पिता ने कहा कि बेटी के शरीर पर कई चोट और खरोच के निशान थे। उनके मुताबिक, हॉस्टल के संचालक और स्टाफ इस घटना को दबाने की कोशिश कर रहे थे।

मामा सुभाष कुमार ने बताया कि हॉस्टल की ऑनर ने पैसे का ऑफर देकर FIR वापस लेने के लिए दबाव डाला। उन्होंने आरोप लगाया कि हॉस्टलवालों ने पहले से ही सभी CCTV फुटेज हटा दिए थे ताकि आरोपी की पहचान न हो सके।
पिता और मामा दोनों का कहना है कि यह कोई आकस्मिक घटना नहीं थी, बल्कि बेटी के साथ साजिश के तहत मारपीट और हत्या हुई।
पोस्टमॉर्टम और पुलिस जांच
पुलिस ने छात्रा के मोबाइल जब्त कर उसकी जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा। ASP ने बताया कि नींद की गोली और अन्य सबूतों की जांच भी चल रही है।
हॉस्टल संचालक पर लगे आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पिता का कहना है कि पुलिस मामले को दबाने में मिली हुई है। पुलिस ने प्राथमिक तौर पर रेप की आशंका को खारिज किया है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
परिवार न्याय की उम्मीद में
परिजन हॉस्टल के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। पिता ने कहा कि बेटी के साथ हुए हादसे के पीछे साजिश है और जिम्मेदारों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
छात्रा की मौत ने पटना के शिक्षा और हॉस्टल व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और पुलिस अब मामले की पूरी गहन जांच कर रहे हैं ताकि दोषियों को जिम्मेदार ठहराया जा सके।











