टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले ग्रुप मैच को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद जारी है। PCB ने पहले यह संकेत दिया था कि वह 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा, लेकिन अब यू-टर्न की खबरें भी सामने आ रही हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने उन खबरों पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है, जिनमें कहा जा रहा था कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) बैक-चैनल वार्ताओं के जरिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार के फैसले पर यू-टर्न लेने की तैयारी में है। PCB ने इस मामले में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ फिर से बातचीत शुरू की है।
इस पूरे विवाद और संभावित बदलाव पर शुक्ला ने बीसीसीआई का रुख स्पष्ट किया और कहा कि आईसीसी जो भी निर्णय करेगा, उसे बीसीसीआई मान्यता देगा।
Rajeev Shukla ने क्या कहा?
राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा,
'मैं इस मामले पर कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करूंगा और न ही BCCI की तरफ से कोई अलग रुख पेश करूंगा। यह पूरा मामला ICC को सौंप दिया गया है। ICC जो भी निर्णय या जजमेंट लेगा, हम उसका पालन करेंगे।'
इस बयान से यह साफ हो गया कि भारत इस मामले में किसी भी तरह की जल्दबाज़ी नहीं करना चाहता और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के निर्णय का सम्मान करेगा।

ICC और PCB के बीच लाहौर में बैठक
8 फरवरी 2026 को ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और अधिकारी मुबाशिर उस्मानी पाकिस्तान पहुंचे। इस बैठक में PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी मौजूद रहे। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई यह चर्चा भारत-पाक मैच को लेकर संभावित समाधान निकालने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, PCB ने ICC के समक्ष कुछ मांगें रखी हैं, जिनमें शामिल हैं:
- ICC रेवेन्यू में PCB का हिस्सा बढ़ाना।
- भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट फिर से शुरू करने की पहल।
- मैच से पहले और बाद में हैंडशेक पॉलिसी लागू करने का आग्रह।
इन मांगों को लेकर ICC और PCB के बीच बैक-चैनल बातचीत जारी है। पाकिस्तानी सरकार ने पहले टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ खेलने से इंकार करने के निर्देश जारी किए थे। हालांकि, बाद में यह भी सामने आया कि PCB और ICC के बीच बातचीत शुरू हो चुकी है और इस यू-टर्न की संभावना बढ़ गई है। राजीव शुक्ला ने इस पर स्पष्ट किया कि BCCI इस मामले में कोई दबाव में नहीं आएगी और ICC के निर्णय का पूरी तरह पालन करेगी।











