IND vs UAE: हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस में भारत की लगातार दूसरी हार, यूएई ने 6 विकेट से हराया

IND vs UAE Hong Kong Sixes 2026: भारत को यूएई के खिलाफ लगातार दूसरी हार मिली। टीम इंडिया के 94 रन के जवाब में यूएई ने 4.2 ओवर में मैच जीत लिया। जानें पूरा स्कोर

हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम को लगातार दूसरी हार मिली है। पाकिस्तान के बाद यूएई ने भी भारत को 6 विकेट से हरा दिया। टी नटराजन की 38 रनों की पारी के बावजूद टीम इंडिया अपना स्कोर नहीं बचा सकी।

हॉन्ग कॉन्ग: क्रुणाल पांड्या की कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम का हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। शनिवार, 31 अक्टूबर को यूएई ने भारत को 6 विकेट से हराकर लगातार दूसरी हार का सामना कराया। मिशन रोड ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 94 रन बनाए। जवाब में यूएई ने बिना विकेट गंवाए सिर्फ 4.2 ओवर में 97 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।

नटराजन ने संभाली पारी, बाकी बल्लेबाज नहीं दिखा सके दम

यूएई के खिलाफ भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरुआत से ही दबाव में रही। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने पहले ही ओवर में दो विकेट गंवा दिए। नीतीश राणा सिर्फ 2 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि राहुल तेवतिया के बल्ले से 2 गेंदों में केवल 1 रन निकला। इसके बाद शशांक सिंह भी कुछ खास नहीं कर सके और 3 गेंदों में 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 

शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ गईं। हालांकि, राहुल त्रिपाठी ने कुछ बड़े शॉट लगाकर रन बनाने की कोशिश की। उन्होंने 7 गेंदों में 24 रन बनाए, जिसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे। कप्तान क्रुणाल पांड्या भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उनके बल्ले से 8 गेंदों में 15 रन निकले। इस दौरान उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया।

भारत के लिए सबसे ज्यादा रन तेज गेंदबाज टी नटराजन ने बनाए। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में 38 रन की पारी खेली। नटराजन ने तीन चौके और चार छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम 94 रन तक पहुंच सकी। यूएई की तरफ से जाहिद अली सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दो ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके अलावा मुहम्मद फारूक और मोहम्मद फराजुद्दीन को एक-एक सफलता मिली।

खालिद शाह और अंश टंडन ने भारतीय गेंदबाजों को जमकर धोया

IND vs UAE: हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस में भारत की लगातार दूसरी हार, यूएई ने 6 विकेट से हराया

95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम ने पहले ही ओवर से आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। कप्तान खालिद शाह ने टी नटराजन के पहले ओवर में 25 रन बटोर लिए। इस शुरुआत ने भारतीय टीम को पूरी तरह दबाव में ला दिया। दूसरे ओवर में शशांक सिंह गेंदबाजी करने आए। उनकी शुरुआती तीन गेंदों पर 16 रन बने, लेकिन आखिरी तीन गेंदों पर कोई रन नहीं आया। इससे लगा कि भारतीय टीम मुकाबले में वापसी कर सकती है। हालांकि, अगले ही ओवर में नीतीश राणा ने 24 रन खर्च कर दिए।

खालिद शाह और अंश टंडन ने भारतीय गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। दोनों बल्लेबाज लगातार बड़े शॉट खेलते रहे। चौथे ओवर में नटराजन ने 19 रन दिए, जिसके बाद यूएई को जीत के लिए सिर्फ 10 रनों की जरूरत रह गई। आखिरी ओवर डालने आए क्रुणाल पांड्या की पहली दो गेंदों पर खालिद शाह ने लगातार दो छक्के लगाकर मुकाबला खत्म कर दिया। यूएई ने 26 गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

खालिद शाह ने 14 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और छह छक्के शामिल रहे। वहीं, अंश टंडन 12 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने दो चौके और पांच छक्के लगाए।

क्रुणाल की गेंदबाजी फिर महंगी, ग्रुप सी में भारत का सफर खत्म

भारतीय कप्तान क्रुणाल पांड्या के लिए यह टूर्नामेंट अब तक काफी मुश्किल रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें एक ओवर में लगातार पांच छक्के पड़े थे। यूएई के खिलाफ भी वह सिर्फ दो गेंद डाल सके और दोनों पर खालिद शाह ने छक्के लगा दिए। इस तरह क्रुणाल ने टूर्नामेंट में अब तक आठ गेंदों पर सात छक्के दिए हैं। यूएई के खिलाफ नटराजन ने दो ओवर में 43, नीतीश राणा ने एक ओवर में 24 और शशांक सिंह ने एक ओवर में 17 रन खर्च किए। भारतीय टीम एक भी विकेट हासिल नहीं कर सकी।

इससे पहले भारत को पाकिस्तान के खिलाफ चार विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। लगातार दो हार के बाद टीम इंडिया ग्रुप सी में आखिरी स्थान पर रही और खिताब की दौड़ से बाहर हो गई। दूसरी तरफ यूएई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान और भारत दोनों को हराया। लगातार दो जीत के साथ यूएई ने ग्रुप सी में शीर्ष स्थान हासिल किया और अगले दौर में अपनी जगह बनाई।

Leave a comment