करीना कपूर ने मीरा राजपूत से तीसरे बच्चे को लेकर किया मजाक, शाहिद की पत्नी ने दिया जवाब

करीना कपूर के शो What Women Want में मीरा राजपूत ने तीसरे बच्चे की अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी। करीना के मजाक पर शाहिद कपूर की पत्नी ने कहा कि उनका परिवार पूरा ह

करीना कपूर के शो 'वट वुमेन वॉन्ट' में इस बार शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत नजर आने वाली हैं। शो के नए प्रोमो में करीना ने मीरा से तीसरे बच्चे को लेकर मजाक किया। इस पर मीरा ने भी बिना झिझक जवाब दिया।

एंटरटेनमेंट डेस्क: करीना कपूर खान के टॉक शो 'वट वुमेन वॉन्ट' के छठे सीजन का नया प्रोमो सामने आया है। इस बार शो में मेहमान बनकर शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत पहुंची हैं। करीना और मीरा को एक साथ देखना इसलिए भी खास है, क्योंकि करीना कभी शाहिद कपूर के साथ रिश्ते में थीं। प्रोमो में दोनों काफी खुलकर बातें करती दिख रही हैं। 

शादी और बच्चों से लेकर निजी जिंदगी में उड़ने वाली अफवाहों तक, कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसी बीच करीना ने मीरा से तीसरा बच्चा करने को लेकर मजाक कर दिया। मीरा भी कहां चुप रहने वाली थीं, उन्होंने तुरंत अपना जवाब दे दिया।

तीसरे बच्चे की बात पर मीरा राजपूत ने क्या कहा?

करीना कपूर के टॉक शो 'वट वुमेन वॉन्ट' का छठा सीजन शुरू हो चुका है। इसके दो एपिसोड सामने आने के बाद अब तीसरे एपिसोड में मीरा राजपूत बतौर गेस्ट शामिल हुई हैं। गुरुवार, 29 अक्टूबर को रिलीज हुए प्रोमो में दोनों काफी सहज अंदाज में बातचीत करती दिखाई दीं। बातचीत के दौरान करीना ने मीरा से पूछा कि उन्होंने अपने बारे में अब तक सबसे अजीब या बेतुकी अफवाह कौन-सी सुनी है। इस सवाल पर मीरा ने बताया कि उनके तीसरी बार मां बनने की खबरें सामने आ चुकी हैं।

मीरा का जवाब सुनकर करीना ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'हो सकता है तुम एक और बच्चा कर लो।' इस पर मीरा हंस पड़ीं और तुरंत जवाब दिया, 'नो वे, वी आर डन।' मीरा के जवाब से साफ था कि फिलहाल उनकी और शाहिद कपूर की तीसरे बच्चे को लेकर कोई योजना नहीं है। करीना और मीरा की इसी बातचीत ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है।

करीना ने खुद को बताया बॉलीवुड वाइफ बनने की इच्छुक

करीना कपूर ने मीरा राजपूत से तीसरे बच्चे को लेकर किया मजाक, शाहिद की पत्नी ने दिया जवाब

शो के प्रोमो में सिर्फ बच्चों की बात नहीं हुई, बल्कि दोनों ने शादीशुदा जिंदगी और रिश्तों से जुड़े कई मजेदार सवालों पर भी चर्चा की। एक जगह मीरा ने करीना की तारीफ करते हुए उन्हें बॉलीवुड स्टार कहा। इसके जवाब में करीना ने मजाक में खुद को ऐसी महिला बताया, जो बॉलीवुड वाइफ भी बनना चाहती है।

मीरा ने शादीशुदा जिंदगी में गिफ्ट देने और लेने से जुड़ा एक दिलचस्प सुझाव भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि उनकी कुछ सहेलियां अक्सर शिकायत करती हैं कि उनके पति कोई चीज दिलाने का वादा तो करते हैं, लेकिन बाद में भूल जाते हैं। ऐसी स्थिति से बचने के लिए मीरा ने साल की शुरुआत में ही अपनी पसंद की चीजों की लिस्ट तैयार करने का सुझाव दिया। 

करीना को उनका यह तरीका पसंद आया और उन्होंने कहा कि वह भी इसे आजमाना चाहेंगी। एक अन्य सवाल में करीना ने पूछा कि महिलाओं से बहस करते समय पुरुषों को सबसे पहले क्या ध्यान रखना चाहिए। इस पर मीरा ने भी मजेदार जवाब दिया।

शाहिद कपूर की पत्नी के साथ करीना को देखकर चर्चा क्यों?

करीना कपूर और मीरा राजपूत का एक साथ टॉक शो में आना इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि शाहिद कपूर और करीना कभी एक-दूसरे को डेट कर चुके हैं।दोनों का रिश्ता बॉलीवुड में काफी चर्चित रहा था। साल 2004 के आसपास दोनों की डेटिंग शुरू हुई थी। उस दौर में करीना और शाहिद कई फिल्मों में साथ नजर आए।

इनमें 'फिदा', '36 चाइना टाउन', 'चुप चुप के' और 'जब वी मेट' शामिल हैं। खासकर साल 2007 में रिलीज हुई 'जब वी मेट' में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। हालांकि, इसी दौर में दोनों का रिश्ता खत्म हो गया। ब्रेकअप के बाद दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए। अलग होने की वजहों को लेकर कई खबरें आईं, लेकिन उनके निजी रिश्ते को लेकर अलग-अलग दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। अब इतने वर्षों बाद करीना के शो पर मीरा का पहुंचना दर्शकों के लिए दिलचस्प है। प्रोमो में दोनों के बीच किसी तरह की असहजता नजर नहीं आई।

शाहिद और मीरा की शादी को हो चुके हैं 11 साल

शाहिद कपूर ने जुलाई 2015 में मीरा राजपूत से शादी की थी। दोनों की शादी दिल्ली में हुई थी और इसके बाद मुंबई में रिसेप्शन रखा गया था। शादी के अगले साल अगस्त 2016 में उनकी बेटी मीशा का जन्म हुआ। इसके बाद सितंबर 2018 में दोनों बेटे जैन के माता-पिता बने। वहीं, करीना कपूर ने अक्टूबर 2012 में अभिनेता सैफ अली खान से शादी की थी। उनके दो बेटे तैमूर अली खान और जहांगीर अली खान हैं।

मीरा राजपूत फिल्मों में काम नहीं करतीं, लेकिन सोशल मीडिया और ब्यूटी से जुड़े अपने कारोबार के कारण चर्चा में रहती हैं। वह अक्सर फैशन, स्किनकेयर और लाइफस्टाइल से जुड़ी बातें शेयर करती हैं।

Leave a comment