बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर जिंदगी और समझदारी को लेकर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने ज्ञान की तलाश, अज्ञानता के सुकून और आध्यात्मिकता पर अपने विचार रखे। उनकी इस पोस्ट की सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन अपनी फिल्मों के अलावा सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। सुबह उन्होंने जिंदगी को लेकर कुछ ऐसा लिखा, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। ऋतिक ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि इंसान पूरी जिंदगी समझदार बनने और हर बात को जानने में लगा रहता है, लेकिन क्या असली सुकून कभी-कभी कम जानने में भी हो सकता है? उनके इस विचार को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है।
सुबह-सुबह ऋतिक रोशन ने ऐसा क्या लिख दिया?
शुक्रवार की सुबह ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया पर अपनी एक सेल्फी डाली। तस्वीर के साथ उन्होंने जो लिखा, वह उनकी आम पोस्ट से कुछ अलग था। इस बार ऋतिक ने जिंदगी और इंसान की सोच पर बात की। उनका कहना था कि हम उम्रभर कुछ न कुछ सीखने और हर बात की वजह जानने में लगे रहते हैं। फिर कभी अचानक लगता है कि पहले के दिन ही अच्छे थे, जब इतनी बातें समझ नहीं आती थीं और छोटी-छोटी चीजों को लेकर दिमाग भी नहीं लगाना पड़ता था।
ऋतिक ने अपनी पोस्ट में दुनिया को मूर्खों से भरी जगह भी बताया। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या बहुत कुछ जानने और आध्यात्मिकता की तलाश करने के बाद आखिर में इंसान फिर से पहले जैसा बनना चाहता है। यानी ऐसा इंसान, जो हर बात का मतलब निकालने की कोशिश न करे और जिंदगी को जैसे चल रही है, वैसे ही जी सके। अपनी इसी उलझन को उन्होंने #whatastrangeparadox हैशटैग के साथ शेयर किया।
![]()
ऋतिक अपनी पोस्ट से क्या समझाना चाहते हैं?
ऋतिक ने सीधे तौर पर कोई सलाह नहीं दी, बल्कि जिंदगी को देखने का अपना नजरिया रखा। उनकी बात का एक मतलब यह भी हो सकता है कि हर सवाल का जवाब ढूंढना जरूरी नहीं होता। कई बार हम किसी छोटी सी बात के बारे में इतना सोचने लगते हैं कि उसका असर हमारे पूरे दिन पर पड़ने लगता है. अभिनेता की पोस्ट इसी उलझन की तरफ इशारा करती है। इंसान जितना ज्यादा जानने और समझने लगता है, उतने ही नए सवाल उसके सामने आने लगते हैं।
हालांकि, ऋतिक ने यह नहीं कहा कि ज्ञान हासिल करना गलत है। उनकी बात ज्यादा सोचने की आदत और जिंदगी को सहज तरीके से जीने के बीच के फर्क को लेकर थी।
जनवरी में भी ऋतिक ने लिखी थी दिल की बात
इससे पहले जनवरी 2026 में भी ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया पर अपने मन की बात रखी थी। उस पोस्ट को उन्होंने 'मॉर्निंग रेंट' कहा था। तब उन्होंने बताया था कि कभी-कभी सब कुछ अच्छा चल रहा होता है, फिर भी अचानक मन उदास हो जाता है। ऋतिक ने उस समय लिखा था कि इंसान ऐसी भावनाओं की वजह समझने की कोशिश करता है। वह सोचता है कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे उसका मूड बदल गया। लेकिन हर बार सोचने से इसका जवाब मिल जाए, यह जरूरी नहीं है।
उस पोस्ट में उन्होंने भावनाओं से जुड़ी 90 सेकंड की एक अवधारणा का भी जिक्र किया था। अब शुक्रवार को शेयर की गई नई पोस्ट में भी ऋतिक ने जिंदगी और इंसान की सोच को लेकर अपने विचार सामने रखे हैं।









