Kriti Kharbanda Birthday: एक होर्डिंग से बदली कृति खरबंदा की किस्मत, साउथ फिल्मों से ऐसे पहुंचीं बॉलीवुड

कृति खरबंदा को एक विज्ञापन के होर्डिंग से पहली फिल्म मिली थी। तेलुगु फिल्म 'बोनी' से करियर शुरू करने वाली एक्ट्रेस ने बॉलीवुड में कैसे बनाई पहचान जानें उनका सफर

बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति खरबंदा आज अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं। कभी ज्वेलरी डिजाइनर बनने की सोच रही कृति को फिल्मों में आने का मौका एक विज्ञापन की वजह से मिला था। उन्होंने तेलुगु फिल्म 'बोनी' से अपने करियर की शुरुआत की और बाद में हिंदी फिल्मों में भी अपनी जगह बनाई।

Kriti Kharbanda Birthday: बॉलीवुड और साउथ फिल्मों में काम कर चुकीं कृति खरबंदा आज 29 अक्टूबर को 36 साल की हो गई हैं। कृति का फिल्मों में आने का किस्सा काफी अलग है। वह पहले एक्ट्रेस नहीं, बल्कि ज्वेलरी डिजाइनर बनना चाहती थीं। पढ़ाई के दौरान वह मॉडलिंग भी करती थीं। इसी बीच एक विज्ञापन में उनकी तस्वीर देखकर फिल्म डायरेक्टर ने उन्हें काम करने का ऑफर दिया। शुरुआत में कृति को लगा कि कोई उनके साथ मजाक कर रहा है, लेकिन बाद में यही ऑफर उनके फिल्मी करियर की शुरुआत बन गया।

बचपन से करती थीं मॉडलिंग, फिल्मों में जाने का नहीं था इरादा

कृति खरबंदा का जन्म 29 अक्टूबर 1990 को दिल्ली में हुआ था। कुछ समय बाद उनका परिवार बेंगलुरु चला गया। वहीं उनकी पढ़ाई-लिखाई हुई। स्कूल और कॉलेज के दिनों में कृति सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया करती थीं। कृति बचपन से ही विज्ञापनों में काम करने लगी थीं। उन्होंने छोटी उम्र में एक आइसक्रीम के विज्ञापन में काम किया था। इसके बाद भी उन्हें अलग-अलग ब्रांड के लिए मॉडलिंग करने के मौके मिले।

हालांकि, उस वक्त कृति ने एक्ट्रेस बनने के बारे में नहीं सोचा था। उनकी दिलचस्पी ज्वेलरी डिजाइनिंग में थी। इसके लिए उन्होंने डिप्लोमा भी किया और कुछ समय काम भी किया। कृति ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह पढ़ाई के साथ खुद पैसे कमाना चाहती थीं। इसीलिए मॉडलिंग भी करती थीं। उन्हें क्या पता था कि यही काम एक दिन उन्हें फिल्मों तक पहुंचा देगा।

चेन्नई के होर्डिंग पर तस्वीर देखकर मिला पहला ऑफर

कृति को पहली फिल्म मिलने की कहानी भी दिलचस्प है। वह एक सुपरमार्केट चेन के विज्ञापन में नजर आई थीं। उस विज्ञापन का बड़ा होर्डिंग चेन्नई में लगाया गया था। तेलुगु फिल्म डायरेक्टर राज पिपल्ला की नजर इसी होर्डिंग पर पड़ी। उस समय वह अपनी फिल्म 'बोनी' के लिए नई अभिनेत्री ढूंढ रहे थे। कृति की तस्वीर पसंद आने पर उनकी टीम ने कृति से संपर्क किया और ऑडिशन के लिए बुलाया।

कृति ने एक इंटरव्यू में बताया था कि पहले उन्हें इस ऑफर पर यकीन नहीं हुआ। उन्हें लगा कि शायद कोई मजाक कर रहा है। बाद में वह हैदराबाद गईं और फिल्म की टीम से मिलीं। बताया जाता है कि फिल्म के लिए करीब 150 लड़कियों ने ऑडिशन दिया था। आखिर में कृति को चुना गया। उन्होंने घरवालों से बात की और फिल्म करने के लिए तैयार हो गईं। इस तरह साल 2009 में तेलुगु फिल्म 'बोनी' से कृति ने एक्टिंग शुरू की। फिल्म में उनके साथ अभिनेता सुमंत नजर आए थे।

पहली फिल्म नहीं चली, फिर भी मिलता रहा काम

कृति की पहली फिल्म 'बोनी' बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा नहीं चली। इसके बावजूद उन्हें दूसरी फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। साल 2010 में कृति ने 'चिरू' से कन्नड़ फिल्मों में कदम रखा। इसके बाद वह तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा में लगातार काम करती रहीं। उनके करियर में बड़ा बदलाव 2013 में आई फिल्म 'गूगली' से हुआ। इसमें वह अभिनेता यश के साथ नजर आई थीं। फिल्म में कृति के काम को दर्शकों ने पसंद किया।

इसके अगले साल 2014 में उनकी फिल्म 'सुपर रंगा' रिलीज हुई। इस फिल्म में उनके अभिनय के लिए उन्हें साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवॉर्ड्स में क्रिटिक्स की ओर से सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।

Kriti Kharbanda Birthday: एक होर्डिंग से बदली कृति खरबंदा की किस्मत, साउथ फिल्मों से ऐसे पहुंचीं बॉलीवुड

'शादी में जरूर आना' से हिंदी फिल्मों में मिली पहचान

साउथ की फिल्मों में काम करने के बाद कृति ने बॉलीवुड में आने का फैसला किया। साल 2016 में उनकी पहली हिंदी फिल्म 'राज रीबूट' रिलीज हुई। इसमें वह इमरान हाशमी के साथ नजर आई थीं। हालांकि, हिंदी फिल्मों के दर्शकों के बीच उन्हें ज्यादा पहचान 2017 में आई 'शादी में जरूर आना' से मिली। इस फिल्म में उन्होंने आरती शुक्ला का किरदार निभाया था।

फिल्म में उनके साथ राजकुमार राव मुख्य भूमिका में थे। दोनों की जोड़ी और फिल्म की कहानी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। आज भी इस फिल्म के कई सीन और गाने लोगों को याद हैं। इसके बाद कृति को बॉलीवुड में लगातार काम मिलने लगा। वह 'गेस्ट इन लंदन', 'यमला पगला दीवाना फिर से', 'हाउसफुल 4', 'पागलपंती', 'तैश' और '14 फेरे' जैसी फिल्मों में नजर आईं।

कॉमेडी से लेकर रोमांटिक फिल्मों तक किया काम

कृति ने अपने करियर में सिर्फ एक तरह के किरदार नहीं निभाए। कभी वह रोमांटिक फिल्मों में दिखीं तो कभी कॉमेडी करते हुए नजर आईं। साल 2019 में आई 'हाउसफुल 4' में उन्होंने अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और दूसरे कलाकारों के साथ काम किया था। इस फिल्म में कॉमेडी के लिए उन्हें लायंस गोल्ड अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार भी मिला।

कृति के लिए फिल्मी सफर की शुरुआत किसी तय योजना के तहत नहीं हुई थी। वह ज्वेलरी डिजाइनिंग में आगे बढ़ना चाहती थीं, लेकिन एक विज्ञापन की तस्वीर उन्हें फिल्म के ऑडिशन तक ले गई। तेलुगु फिल्म से काम शुरू करने वाली कृति ने कन्नड़ सिनेमा में पहचान बनाई और फिर बॉलीवुड में भी अपनी जगह बनाने में कामयाब रहीं।

Leave a comment