HAL ने अमेठी के कोरवा में अप्रेंटिस भर्ती निकाली है। इसमें बीए, बीकॉम, बीसीए, इंजीनियरिंग और डिप्लोमा पास युवा आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 13 नवंबर 2026 है। भर्ती के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी।
एजुकेशन न्यूज़: जिले के कोरवा स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) में पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं को काम सीखने का मौका मिल रहा है। कंपनी ने अपनी एवियोनिक्स डिवीजन में अप्रेंटिस भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। यहां चुने गए युवाओं को एक साल तक ट्रेनिंग दी जाएगी। बीए, बीकॉम, बीसीए और डिप्लोमा पास युवा भी इस भर्ती में फॉर्म भर सकते हैं।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वालों के लिए भी मौका है। भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। युवाओं ने अपनी पढ़ाई में जितने नंबर पाए हैं, उसी के आधार पर मेरिट बनेगी। आवेदन करने की आखिरी तारीख 13 नवंबर है। ऐसे में जो युवा HAL में ट्रेनिंग करना चाहते हैं, वे समय रहते अपना फॉर्म भर सकते हैं।
HAL भर्ती में कौन-कौन भर सकता है फॉर्म?
HAL ने 29 अक्टूबर 2026 को इस भर्ती का नोटिस जारी किया था। इसमें अलग-अलग कोर्स करने वाले युवाओं के लिए मौका रखा गया है। हालांकि, कुल कितनी सीटों पर भर्ती होगी, इसकी जानकारी नोटिस में नहीं दी गई है। जिन युवाओं ने इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिविल, कंप्यूटर साइंस या आईटी से चार साल की बीई या बीटेक की पढ़ाई पूरी की है, वे इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, इंजीनियरिंग नहीं करने वाले युवाओं के लिए भी रास्ता खुला है। बीए, बीकॉम, बीसीए और बीएससी कंप्यूटर साइंस पास उम्मीदवार भी फॉर्म भर सकते हैं। इसके अलावा चार साल की बीएससी एग्रीकल्चर डिग्री वाले युवाओं को भी मौका दिया गया है। डिप्लोमा करने वाले उम्मीदवार भी इस भर्ती में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए संबंधित इंजीनियरिंग ब्रांच से तीन साल का डिप्लोमा होना चाहिए।
नॉन-इंजीनियरिंग डिप्लोमा की बात करें तो तीन साल का GNM कोर्स या दो साल का MOM&SP डिप्लोमा करने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में लिखित परीक्षा नहीं रखी गई है। उम्मीदवारों ने अपनी डिग्री या डिप्लोमा में जितने नंबर हासिल किए हैं, उन्हीं के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।
HAL भर्ती में कितनी उम्र तक भर सकते हैं फॉर्म?
![]()
HAL में अप्रेंटिस भर्ती के लिए सामान्य वर्ग के युवाओं की उम्र 26 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। उम्र 13 नवंबर 2026 से गिनी जाएगी। ओबीसी वालों को तीन साल और एससी-एसटी वालों को पांच साल की छूट मिलेगी। दिव्यांग युवाओं को भी नियम के मुताबिक छूट दी जाएगी। इस भर्ती में वे युवा फॉर्म नहीं भर पाएंगे, जो पहले कहीं अप्रेंटिस ट्रेनिंग कर चुके हैं या अभी कर रहे हैं।
जिनकी डिग्री या डिप्लोमा को 15 फरवरी 2027 तक पांच साल पूरे हो जाएंगे, वे भी आवेदन नहीं कर सकते। इसके अलावा किसी कंपनी में एक साल या उससे ज्यादा काम कर चुके युवाओं को भी मौका नहीं मिलेगा। इसलिए आवेदन से पहले अपनी उम्र, पढ़ाई पूरी करने का साल और नौकरी का अनुभव जरूर देख लें।
बिना लिखित परीक्षा कैसे होगा चयन और कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
HAL की इस अप्रेंटिस भर्ती में उम्मीदवारों को अलग से लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन के लिए संबंधित डिग्री या डिप्लोमा में मिले कुल अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। शैक्षणिक अंकों को चयन प्रक्रिया में 100 प्रतिशत वेटेज दिया गया है। मेरिट में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद मेडिकल फिटनेस और जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करना होगा। चयनित उम्मीदवारों को एक साल तक अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी।
ट्रेनिंग के दौरान नियमानुसार हर महीने स्टाइपेंड मिलेगा। इसकी राशि लागू अप्रेंटिसशिप नियमों और बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग, कानपुर की निर्धारित दरों के अनुसार होगी। विज्ञापन में सभी श्रेणियों के लिए अलग-अलग निश्चित राशि नहीं बताई गई है। उम्मीदवारों को यह भी समझना जरूरी है कि अप्रेंटिसशिप नियमित सरकारी नौकरी नहीं है। एक साल की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद HAL में स्थायी नियुक्ति की गारंटी नहीं दी गई है।
HAL Apprentice Recruitment 2026 के लिए आवेदन कैसे करें?
- आवेदन करने के लिए सबसे पहले NATS की ऑफिशियल वेबसाइट https://nats.education.gov.in/ पर जाएं.
- इसके बाद पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
- अब HAL कोरवा के ऑनलाइन गूगल एप्लीकेशन फॉर्म को खोलें.
- इसके बाद फॉर्म में अपना नाम और जरूरी योग्यता जैसी जानकारी भरें.
- अब फॉर्म में रजिस्ट्रेशन नंबर सहित दूसरी मांगी गई जानकारी दर्ज करें.
- इसके बाद मांगे गए डॉक्यूमेंट अपलोड करें.
- लास्ट में फॉर्म को अच्छे से चेक करके सबमिट कर दें.








