इंदौर: दूषित पानी से 51 वर्षीय व्यक्ति की मौत, मौतों का आंकड़ा 25 तक पहुंचा

इंदौर: दूषित पानी से 51 वर्षीय व्यक्ति की मौत, मौतों का आंकड़ा 25 तक पहुंचा

इंदौर में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी है। भागीरथपुरा के हेमंत गायकवाड़ की मौत के साथ मृतकों की संख्या 25 हो गई। अभी 38 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 10 आईसीयू में हैं।

Madhya Pradesh: भागीरथपुरा के रहने वाले हेमंत गायकवाड़ उर्फ बाला (51) 22 दिसंबर को दूषित पानी पीने के बाद अचानक बीमार पड़ गए। पहले उन्हें परदेशीपुरा स्थित वर्मा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर 7 जनवरी को उन्हें अरविंदो हॉस्पिटल रेफर किया गया। कई दिनों तक इलाज के बाद मंगलवार देर रात करीब 3 बजे हेमंत ने दम तोड़ दिया।

अस्पताल के मुताबिक, हेमंत को पहले से सेल कार्सिनोमा (कैंसर) और किडनी की बीमारी थी। लेकिन इस बार उन्हें उल्टी-दस्त और पानी से संबंधित संक्रमण के कारण अस्पताल में एडमिट किया गया था। हालत लगातार खराब होने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।

परिवार पर गहरा आर्थिक संकट

हेमंत परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वे ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी चार बेटियां हैं – रिया (21), जिया (20), खुशबू (16) और मनाली (12)। पिता की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट और बढ़ गया है। हेमंत की बेटी जिया ने बताया कि पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। पहले 24 दिसंबर को वर्मा नर्सिंग होम में भर्ती किया गया, फिर 28 दिसंबर को घर भेज दिया गया।

इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने पर 8 जनवरी को अरविंदो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। परिवार का कहना है कि हेमंत राहुल गांधी से मिलना चाहते थे, लेकिन अस्पताल में होने के कारण यह संभव नहीं हो पाया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को अपनी स्थिति से अवगत कराया था।

दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी

भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 25 मौतें हो चुकी हैं और 38 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें 10 आईसीयू में हैं और तीन मरीज वेंटिलेटर पर हैं।

स्थानीय लोग इस संकट से चिंतित हैं और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई कदम उठाए हैं, लेकिन लोगों का कहना है कि समय रहते पानी की सफाई और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

Leave a comment