Happy Birthday किम शर्मा: हिट डेब्यू के बाद फिल्मी करियर पर लगा ब्रेक, तलाक के बाद इंडस्ट्री में कर रही ये काम

Happy Birthday किम शर्मा: हिट डेब्यू के बाद फिल्मी करियर पर लगा ब्रेक, तलाक के बाद इंडस्ट्री में कर रही ये काम

बॉलीवुड की दुनिया में कई सितारे पहली ही फिल्म से दर्शकों के दिलों में जगह बना लेते हैं, लेकिन लंबे समय तक इंडस्ट्री में टिके रहना आसान नहीं होता। ऐसे में कई स्टार जल्दी ही पर्दे की लाइमलाइट से दूर हो जाते हैं। इन्हीं में से एक अभिनेत्री हैं किम शर्मा, जिनका जन्मदिन आज है। 

एंटरटेनमेंट न्यूज़: फिल्मी दुनिया में ज्यादातर सितारे अपनी अलग पहचान बनाने और दर्शकों के दिलों में जगह बनाने के लिए आते हैं। कुछ ही अभिनेता या अभिनेत्री अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों पर छा जाते हैं, लेकिन लंबे समय तक इंडस्ट्री में टिके रहना और लगातार पसंदीदा बने रहना आसान नहीं होता। यही कारण है कि कई स्टार्स शुरुआत में लोकप्रिय होने के बावजूद धीरे-धीरे लाइमलाइट और अभिनय से दूर हो जाते हैं।

ऐसी ही एक अभिनेत्री का आज जन्मदिन है। यह अभिनेत्री शाहरुख खान की फिल्म से डेब्यू कर चुकी हैं। हम बात कर रहे हैं किम शर्मा की, जिन्होंने मल्टीस्टारर फिल्म 'मोहब्बतें' से अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, जल्दी ही किम फिल्मी पर्दे से दूरी बना लीं। आइए जानते हैं कि आज किम कहां हैं और क्या कर रही हैं।

हिट डेब्यू के बाद फिल्मी करियर पर लगी ब्रेक

किम शर्मा ने ‘मोहब्बतें’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। फिल्म में उनकी चुलबुली अदाएं और ग्लैमरस लुक दर्शकों के दिलों में उतर गए। फिल्म में उनके ऑन-स्क्रीन जोड़ीदार हंसराज के साथ उनकी केमिस्ट्री को भी खूब सराहा गया। फिल्म की सफलता के बाद किम के पास कई फिल्मों के ऑफर आए। उन्होंने ‘तुमसे अच्छा कौन है’, ‘फिदा’ और ‘यकीन’ जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता नहीं पा सकीं। लगातार फ्लॉप फिल्मों के बाद किम ने धीरे-धीरे फिल्मों से दूरी बना ली।

क्रिकेटर युवराज सिंह से जुड़ी प्रेम कहानी

किम शर्मा की निजी जिंदगी भी मीडिया में खूब सुर्खियां बटोरती रही। 2003 में उनका नाम पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के साथ जुड़ा। दोनों का रिश्ता करीब चार साल तक चला और अक्सर दोनों को सार्वजनिक रूप से साथ देखा जाता था। लेकिन अचानक दोनों के रास्ते अलग हो गए। युवराज सिंह से ब्रेकअप के बाद किम शर्मा ने अपने प्यार की तलाश जारी रखी। उन्होंने चार बार सगाई की, लेकिन हर बार रिश्ता टूट गया।

2010 में किम ने केन्या बेस्ड भारतीय बिजनेसमैन अली पुंजानी से शादी की और एक्टिंग की दुनिया छोड़ विदेश शिफ्ट हो गईं। दोनों की मुलाकात एक सफारी ट्रिप के दौरान हुई थी। हालांकि, अली पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों के पिता थे। उन्होंने पहली पत्नी से अलग होने के बाद किम से शादी की। लेकिन यह रिश्ता भी लंबे समय तक नहीं टिक सका और 2017 में तलाक हो गया। किम को तलाक के बाद कोई एलिमनी नहीं मिली।

हर्षवर्धन राणे के साथ रिलेशनशिप

अली से तलाक के बाद किम मुंबई वापस आ गईं और जल्द ही उनका नाम अभिनेता हर्षवर्धन राणे से जुड़ा। दोनों को 2018 में कई बार साथ देखा गया। हर्षवर्धन ने भी डेटिंग की पुष्टि की, लेकिन 2019 में दोनों का रिश्ता खत्म हो गया। हालांकि किम शर्मा अब फिल्मों में अभिनय नहीं कर रही हैं, लेकिन वह बॉलीवुड इंडस्ट्री से पूरी तरह दूर नहीं हैं। 

वे करण जौहर की टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी DCA (धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी) में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम कर रही हैं। इस भूमिका में किम नए और उभरते कलाकारों का करियर संवारने का काम कर रही हैं और इंडस्ट्री में अपना योगदान दे रही हैं।

Leave a comment