IndiGo Flight Crisis: देशभर में कई उड़ानें रद्द, एयरपोर्ट पर लगी यात्रियों की लंबी कतारें

IndiGo Airlines की उड़ानें रद्द होने का सिलसिला जारी है। देशभर के कई हवाई अड्डों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे लोग भारी परेशानी का सामना कर

इंडिगो एयरलाइन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए शनिवार का दिन भी परेशानियों भरा रहा। लगातार पांचवें दिन भी एयरलाइन की कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस के यात्रियों को लगातार पांचवें दिन भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देशभर के कई प्रमुख एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मची हुई है। शनिवार को भी कई डोमेस्टिक और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें निरस्त की गईं, जिससे हवाई अड्डों पर लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

एयरलाइन ने पहले ही घोषणा की थी कि ऑपरेशनल स्थिति सामान्य होने में कम से कम दो से तीन दिन लग सकते हैं। बावजूद इसके, शनिवार को तिरुवनंतपुरम और अहमदाबाद सहित कई एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा।

तिरुवनंतपुरम और अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हालात

तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 6 दिसंबर को दिनभर में छह डोमेस्टिक उड़ानें रद्द हुईं। इस एयरपोर्ट पर कुल 26 उड़ानों का शेड्यूल था, जिसमें डोमेस्टिक और अंतरराष्ट्रीय दोनों प्रकार की फ्लाइट्स शामिल थीं। अधिकारियों के अनुसार, छह रद्द उड़ानों में तीन आने वाली और तीन जाने वाली फ्लाइट्स शामिल थीं।

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर भी शनिवार को ऑपरेशनल परेशानी देखी गई। रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच सात आने वाली और 12 जाने वाली उड़ानें कैंसिल की गईं। अधिकारियों ने बताया कि हाल के हफ्तों में एयरलाइन कई ऑपरेशनल चुनौतियों का सामना कर रही है, जिसका असर प्रमुख एयरपोर्ट पर दिखाई दे रहा है।

पुणे, दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद में भारी असर

पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो की 14 आने वाली और 28 जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं। दिल्ली एयरपोर्ट से इंडिगो की कुल 106 फ्लाइट्स (54 डिपार्चर और 52 अराइवल) अभी कैंसिल हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर भी 106 उड़ानें रद्द हुई हैं, जबकि हैदराबाद एयरपोर्ट पर अब तक 69 फ्लाइट्स कैंसिल की जा चुकी हैं। इन रद्द उड़ानों के कारण यात्रियों को रिफंड या अन्य विकल्पों के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।

लखनऊ, कोलकाता, बेंगलुरु, गुवाहाटी और अहमदाबाद जैसे अन्य शहरों के एयरपोर्ट पर भी इंडिगो की कई उड़ानें रद्द की गईं। लखनऊ एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह से ही अफरातफरी का माहौल है। इंडिगो के बोर्डिंग काउंटर पर यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिली।कई यात्रियों ने अपने यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया और सड़क मार्ग से यात्रा करने का विकल्प चुना। रिफंड और वैकल्पिक उड़ानों के लिए यात्रियों की लंबी कतार लगी हुई है, लेकिन स्थिति में फिलहाल सुधार नहीं हो पाया है।

DGCA का एक्शन

इंडिगो की लगातार उड़ानों के रद्द होने की स्थिति पर डीजीसीए (DGCA) ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए चार सदस्यीय हाई-लेवल कमेटी बनाने का आदेश दिया। इस कमेटी को ऑपरेशनल रुकावटों की पूरी समीक्षा और कारणों का आकलन करना है। डीजीसीए ने कहा कि इंडिगो ने FDTL CAR 2024 के तहत बदले हुए ड्यूटी पीरियड, फ़्लाइट ड्यूटी पीरियड, फ़्लाइट टाइम लिमिटेशन और तय रेस्ट पीरियड को लागू करने के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं की। इसी वजह से देशभर में उड़ान संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

Leave a comment