आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले Sunrisers Hyderabad की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। टीम को एक और बड़ा झटका लगा है, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर Jack Edwards पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईपीएल 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए बुरी खबरें लगातार आ रही हैं। पहले टीम के कप्तान और स्टार ऑलराउंडर पैट कमिंस चोट के कारण शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे, अब एक और बड़ा झटका आया है। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।
जैक एडवर्ड्स का आईपीएल डेब्यू अधूरा
25 साल के जैक एडवर्ड्स को SRH ने IPL 2026 ऑक्शन में 3 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह उनका पहला IPL सीजन होने वाला था, लेकिन फरवरी 2026 में खेले गए शेफील्ड शील्ड मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण उनका सपना अधूरा रह गया। अभी तक वह पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं और इस चोट के चलते वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
एडवर्ड्स की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ी चुनौती है, क्योंकि वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने वाले संतुलित ऑलराउंडर हैं। उनके टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 77 घरेलू टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 853 रन बनाए हैं। उनका औसत 16.09 और स्ट्राइक रेट 121.51 रहा है। गेंदबाजी में भी उन्होंने 52 विकेट हासिल किए हैं, जिनका औसत 23.85 है।

पैट कमिंस की चोट ने बढ़ाई मुश्किल
SRH के कप्तान पैट कमिंस भी पूरी तरह फिट नहीं हैं। उन्हें 2025-26 एशेज सीरीज के दौरान पीठ (लोअर बैक) में लंबर बोन स्ट्रेस इंजरी हुई थी। इसी कारण वह आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर रहेंगे। हालांकि उम्मीद है कि टूर्नामेंट के बाद के चरण में वह टीम से जुड़ सकते हैं। कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम मैनेजमेंट ने ईशान किशन को अंतरिम कप्तान और अभिषेक शर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों ही खिलाड़ी टीम के लिए नेतृत्व के नए विकल्प के रूप में तैयार हैं।
जैक एडवर्ड्स के बाहर होने से टीम की बैलेंस पर असर पड़ा है। वह न केवल बल्लेबाजी में मध्यक्रम को मजबूत कर सकते थे, बल्कि गेंदबाजी में भी टीम को महत्वपूर्ण सपोर्ट देते। अब SRH टीम मैनेजमेंट को नए ऑलराउंडर की तलाश करनी होगी, जो एडवर्ड्स की जगह टीम को संतुलित कर सके। विशेष रूप से जब कप्तान कमिंस भी शुरुआती मैचों से बाहर हैं, तो टीम की रणनीति और खेल योजना पर दबाव बढ़ गया है। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की अनुपस्थिति SRH की शुरुआत को प्रभावित कर सकती है।
टीम की मालकिन काव्या मारन के लिए यह लगातार दूसरी बड़ी चिंता है। पहले कमिंस की चोट, अब जैक एडवर्ड्स का बाहर होना – इससे टीम की रणनीति प्रभावित होने की संभावना है। टीम प्रबंधन को अब मजबूरन खिलाड़ियों के चयन और खेल योजना में बदलाव करना होगा।









