IRCTC घोटाले में लालू परिवार पर आरोप तय। दिल्ली की कोर्ट में ट्रायल चल रहा है। यह मामला बिहार चुनाव 2025 से पहले RJD के लिए चुनौती साबित हो सकता है।
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यह परेशानी IRCTC (भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम) घोटाले से जुड़ी है, जिसमें आरोप है कि पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार ने 2004 से 2009 के बीच रांची और पुरी में स्थित दो होटलों के ठेकों में भ्रष्टाचार किया।
इस मामले में कोर्ट ने कुल 14 लोगों पर आरोप तय किए हैं, जिनमें लालू, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव और अन्य शामिल हैं। अब यह मामला ट्रायल के दौर में है, जहां अदालत गुनाह और सजा पर फैसला करेगी।
क्या है IRCTC घोटाला
IRCTC घोटाला उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव 2004 से 2009 के बीच भारत के रेल मंत्री थे। मामला रांची और पुरी में स्थित BNR रांची और BNR पुरी होटलों के संचालन और रखरखाव के ठेके से जुड़ा है।
सीबीआई के अनुसार, इन ठेकों को सुजाता होटल्स प्राइवेट लिमिटेड को अनुचित तरीके से दिया गया। आरोप है कि रेलवे की जमीन और होटलों के ठेके में गड़बड़ी करके निजी लाभ लिया गया। इसे "जमीन के बदले नौकरी मॉडल" के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें सरकारी संपत्ति का लाभ निजी कंपनियों और नेताओं से जुड़े लोगों को दिया गया।
भ्रष्टाचार का तरीका
टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी की गई ताकि सुजाता होटल्स को ठेका मिल सके। इसके बदले में लालू परिवार से जुड़ी एक बेनामी कंपनी को बहुत कम कीमत पर जमीन दी गई।
उदाहरण के तौर पर, रांची में रेडिसन होटल प्रोजेक्ट के लिए रेलवे की जमीन का मूल्यांकन ₹94 करोड़ था। सर्कल रेट ₹32 करोड़ था, लेकिन इसे केवल ₹65 लाख में सुजाता होटल्स को ट्रांसफर कर दिया गया। यह जमीन की अनुचित बिक्री और निजी लाभ का मुख्य उदाहरण है।
इस घोटाले में आरोप लगाया गया है कि रेलवे में ठेके और नियुक्तियों के बदले संपत्ति और लाभ लिया गया।
आरोपियों की सूची और भूमिका
इस मामले में कुल 14 लोग आरोपी हैं। मुख्य आरोपी लालू प्रसाद यादव हैं, जिन पर पूरी साजिश रचने का आरोप है।
- राबड़ी देवी: लालू की पत्नी, लैंड डील में शामिल होने का आरोप।
- तेजस्वी यादव: लालू और राबड़ी के पुत्र, परिवारिक लाभ लेने का आरोप।
- सुजाता होटल्स प्राइवेट लिमिटेड: कंपनी के मालिक और डायरेक्टर, ठेके में गड़बड़ी का आरोप।
- पूर्व IRCTC अफसर: होटलों के ठेके देने की प्रक्रिया में कथित सहयोग।
- प्रेम चंद गुप्ता: लालू के करीबी, जिनकी पत्नी सुजाता होटल्स की मालिक हैं।
कोर्ट ने कहा कि यह साजिश लालू यादव की जानकारी में रची गई थी और अन्य आरोपियों की भूमिका इसमें निर्णायक थी।