जमीन के विवाद में बड़े भाई और उसके बेटों ने छोटे भाई की पत्नी और बच्चों के सामने हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Uttar pradesh: अलीगढ़ के थाना बन्ना देवी क्षेत्र के बरौला जाफराबाद गांव में रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। मामूली दिखने वाला जमीन का विवाद इतना बढ़ गया कि सगे भाई ने अपने ही भाई की जान ले ली। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। मृतक देवेंद्र (35) रविवार रात करीब 8:30 बजे अपनी पत्नी मालती के साथ घर में चाय पी रहा था। उसी समय उसका बड़ा भाई श्याम अपने दो बेटों जीतू और सूरज के साथ गाली-गलौज करता हुआ घर में घुस आया। बिना किसी चेतावनी के तीनों ने देवेंद्र पर हमला कर दिया।
पत्नी मालती के अनुसार, आरोपियों ने देवेंद्र को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया और फिर उसे घसीटते हुए घर से बाहर ले गए। यह सब कुछ पत्नी और छोटे बच्चों के सामने हुआ। मालती लगातार अपने पति को बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।
तार से पीटकर किया लहूलुहान
घर के बाहर देवेंद्र को जमीन पर पटक दिया गया। आरोपियों ने उसके सीने पर लात-घूंसे मारे, गला दबाया और बाद में कंटीले तार से हमला किया। देवेंद्र बुरी तरह घायल हो गया और खून से लथपथ हो गया। आसपास के लोग शोर सुनते रहे, लेकिन डर के कारण कोई बीच-बचाव करने नहीं आया।
जब देवेंद्र की हालत बेहद नाजुक हो गई, तो आरोपी उसे अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही मौत
घटना के तुरंत बाद परिजन देवेंद्र को पहले एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां इलाज से इंकार कर दिया गया। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर थाना बन्ना देवी पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
बच्ची की आंखों देखी गवाही
देवेंद्र की करीब चार साल की बेटी ने बताया कि उसके पापा को ताऊ और भाई ने तार से मारा। बच्ची के मुताबिक, उसके पापा जोर-जोर से चिल्ला रहे थे और जमीन पर गिर गए थे। इसके बाद भी आरोपियों ने उन्हें बार-बार पीटा। बच्ची की बातों ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
पत्नी मालती ने बताया कि परिवार के पास कुल आठ बीघा जमीन थी। ससुर की मौत के बाद चार बीघा जमीन सास के नाम और बाकी चार बीघा दोनों भाइयों में बंटी थी। बड़ा भाई श्याम अपनी जमीन पहले ही बेच चुका था और अब देवेंद्र की जमीन और मकान पर कब्जा करना चाहता था।
इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था। देवेंद्र को अपने भाई से जान का खतरा महसूस हो रहा था और उसने यह बात दो दिन पहले परिवार वालों से भी कही थी।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों भाइयों के बीच ई-रिक्शा हटाने को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और सभी साक्ष्यों का अध्ययन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।











