यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मर्दानी 3’ अब 30 जनवरी 2026 को रिलीज होगी। पहले यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को आने वाली थी, लेकिन निर्माताओं ने सिनेमाघरों में जनवरी के महीने में अपेक्षाकृत कम भीड़ और बेहतर रिलीज विंडो को देखते हुए इसकी तारीख आगे कर दी है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित कॉप-थ्रिलर ‘मर्दानी 3’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। दमदार डायलॉग्स, रॉ एक्शन और सस्पेंस से भरे इस ट्रेलर ने साफ कर दिया है कि इस बार कहानी पहले से कहीं ज्यादा डार्क, इंटेंस और खतरनाक होने वाली है। रानी मुखर्जी एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार एसीपी शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में लौट आई हैं और उनका अंदाज पहले से ज्यादा आक्रामक और बेखौफ नजर आता है।
फिल्म को अब 30 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। पहले इसकी रिलीज डेट 27 फरवरी 2026 तय थी, लेकिन मेकर्स ने जनवरी की बेहतर रिलीज विंडो और कम प्रतिस्पर्धा को देखते हुए तारीख बदल दी है।
ट्रेलर में क्या है खास?
ट्रेलर की शुरुआत एक खौफनाक अपराध की झलक से होती है, जो धीरे-धीरे एक बड़े मानव तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा करता है। इस बार शिवानी अब सिर्फ एक पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का हिस्सा बन चुकी हैं। उन्हें देश के सबसे संवेदनशील और खतरनाक केस की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
ट्रेलर का सबसे चर्चित डायलॉग, तुझ जैसों से कट नहीं लेती, तुझ जैसों को काट देती हूं” – शिवानी के किरदार की मानसिकता और उसकी लड़ाई की गंभीरता को बखूबी बयान करता है।

‘दिल्ली क्राइम’ की याद दिलाती है कहानी
इस बार कहानी में सबसे बड़ा ट्विस्ट है हुमा कुरैशी का किरदार। वह फिल्म में मल्लिका प्रसाद के रूप में नजर आ रही हैं, जो एक बेहद चालाक, क्रूर और खौफनाक विलेन है। ट्रेलर में हुमा का लुक और बॉडी लैंग्वेज यह साफ कर देता है कि यह मुकाबला सिर्फ अच्छाई और बुराई का नहीं, बल्कि दो मजबूत दिमागों की जंग है। रानी मुखर्जी और हुमा कुरैशी के बीच की टकराव भरी झलक फिल्म को और भी दिलचस्प बनाती है।
कई दर्शकों को मर्दानी 3 का ट्रेलर देखकर नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज ‘दिल्ली क्राइम’ की याद आ सकती है। गंभीर सामाजिक मुद्दे, सिस्टम की खामियां और अपराध की भयावह सच्चाई – ये सभी तत्व फिल्म को सिर्फ एक मसाला एक्शन मूवी नहीं, बल्कि एक सशक्त क्राइम ड्रामा बनाते हैं। इसके अलावा, फिल्म में शेफाली शाह की मौजूदगी और रानी मुखर्जी के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री भी चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों को एक ही सिक्के के दो पहलुओं की तरह पेश किया गया है।
‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2014 में हुई थी और 2019 में आए मर्दानी 2 को भी जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और सामाजिक मुद्दों को साहसिक तरीके से उठाने के लिए सराहना पाई। मर्दानी 3 भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लापता लड़कियों, मानव तस्करी और संगठित अपराध जैसे संवेदनशील विषयों को केंद्र में रखती है।











