झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 22 शिक्षा सेवा पदाधिकारियों को प्रोन्नति दी है। इसके बाद उनका वेतनमान Level-9 से बढ़कर Level-11 हो गया। वहीं, तीन प्रशासनिक अधिकारियों की सेवा संपुष्ट की गई है।
रांची: झारखंड में राज्य शिक्षा सेवा के 22 पदाधिकारियों को प्रोन्नति दी गई है। इनमें कई जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक शामिल हैं। प्रोन्नति के बाद अधिकारियों का वेतनमान पे मैट्रिक्स Level-9 से बढ़कर Level-11 हो गया है। इसके अलावा कार्मिक विभाग ने तीन प्रशासनिक अधिकारियों ज्योति वंदना कुजूर, अरुण कुमार मुंडा और विनय कुमार की सेवा संपुष्ट करने की अधिसूचना जारी की है।
22 शिक्षा अधिकारियों को मिली प्रोन्नति
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य शिक्षा सेवा के 22 अधिकारियों को प्रोन्नति प्रदान की है। इस सूची में विभिन्न जिलों में कार्यरत जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक शामिल हैं।
प्रोन्नति के बाद इन अधिकारियों का वेतनमान पे मैट्रिक्स Level-9 से बढ़कर Level-11 हो गया है। प्रोन्नति पाने वालों में बोकारो के डीईओ प्रवीण रंजन, पश्चिमी सिंहभूम के डीईओ प्रिंस कुमार, रामगढ़ के डीईओ अभय कुमार शील और हजारीबाग की डीईओ कुमारी नीलम शामिल हैं।
पूर्वी सिंहभूम की डीईओ निशु कुमारी, गिरिडीह के डीईओ विनय कुमार, सिमडेगा के डीईओ मिथिलेश केरकेट्टा और डायट पाकुड़ के प्राचार्य संतोष गुप्ता को भी प्रोन्नति दी गई है।
रांची के डीईओ मो. वसीम अहमद, देवघर के डीईओ बिनोद कुमार, बोकारो के डीएसई अतुल कुमार चौबे, साहिबगंज के डीएसई नयन कुमार और लोहरदगा की डीईओ दास सुनंदा चन्द्रमौलेश्वर भी प्रोन्नति पाने वाले अधिकारियों में शामिल हैं।
दुमका के डीईओ संजीत कुमार, कोडरमा के डीएसई मुकुल राज, जामताड़ा के चार्ल्स हेम्ब्रम, पाकुड़ की अनिता पुरती और गोड्डा की मिथिला टुडू को भी प्रोन्नति मिली है।
मनोज कुमार और जयंत मिश्रा को भी लाभ
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार को भी प्रोन्नति प्रदान की गई है। वहीं, सेवानिवृत्त अधिकारी जयंत मिश्रा को नोशनल प्रोन्नति दी गई है।
तीन प्रशासनिक अधिकारियों की सेवा संपुष्ट
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों की सेवा संपुष्ट करने से संबंधित अधिसूचना जारी की है।
अधिसूचना के अनुसार ज्योति वंदना कुजूर, अरुण कुमार मुंडा और विनय कुमार की सेवा संपुष्ट की गई है। विनय कुमार वर्ष 2022 से प्रशासनिक सेवा में कार्यरत थे, जबकि ज्योति वंदना कुजूर वर्ष 2010 और अरुण कुमार मुंडा वर्ष 2015 से सेवा में हैं।











