झुंझुनूं में दिल दहला देने वाली वारदात, 70 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या

झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी में 70 वर्षीय सीता देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पड़ोसी युवक प्रीतम को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की।
झुंझुनूं में दिल दहला देने वाली वारदात, 70 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या

झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी में 70 वर्षीय सीता देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पड़ोसी युवक प्रीतम को गिरफ्तार किया है। आरोपी लूट कर विदेश भागने की योजना बना रहा था।

Rajasthan: झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां हवेली में अकेली रहने वाली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सीता देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना 25 जनवरी की रात की है, जबकि महिला का शव 26 जनवरी की सुबह घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला।

सीता देवी लोगों को ब्याज पर पैसे उधार देती थीं। इसी वजह से पड़ोस में रहने वाले युवक को यह अंदेशा था कि उनके घर में बड़ी मात्रा में नकदी और जेवरात मौजूद होंगे। इसी लालच में उसने हत्या की साजिश रची।

लूट के इरादे से घर में घुसा आरोपी

झुंझुनूं एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि इस हत्याकांड में पड़ोसी युवक प्रीतम कुमार उर्फ लालू (26) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को पहले से जानकारी थी कि सीता देवी अकेली रहती हैं और पैसे उधार देने का काम करती हैं।

एसपी के अनुसार, आरोपी बड़ी लूट कर विदेश भागने की योजना बना रहा था। इसी मकसद से 25 जनवरी की रात वह दीवार फांदकर सीता देवी के घर में घुसा।

पहचान होते ही कर दी हत्या

झुंझुनूं में दिल दहला देने वाली वारदात, 70 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के समय घर में बिजली नहीं थी। सीता देवी अंधेरे में सब्जी काट रही थीं। इसी दौरान उन्होंने आरोपी को देख लिया और शोर मचाने की कोशिश की। पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने पहले उनका गला दबाया और फिर चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने घर में रखे संदूक से नकदी चोरी की और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात रात करीब साढ़े आठ बजे के आसपास हुई।

बुजुर्ग महिला ने किया था जमकर संघर्ष

पुलिस ने बताया कि सीता देवी ने अपनी जान बचाने के लिए हमलावर से जमकर संघर्ष किया था। इस दौरान आरोपी के हाथ और नाक पर चोटें आईं। घर के कई हिस्सों में खून फैला हुआ मिला, जिससे साफ था कि संघर्ष काफी देर तक चला। जब पुलिस ने संदिग्धों की जांच शुरू की, तो प्रीतम के शरीर पर ताजा चोटों के निशान देखकर शक और गहरा हो गया।

डॉग स्क्वॉड ‘जस’ ने खोला राज

इस हत्याकांड के खुलासे में डॉग स्क्वॉड की अहम भूमिका रही। पुलिस के डॉग ‘जस’ को घटनास्थल से गंध सौंपी गई। ‘जस’ सीधे करीब 200 मीटर दूर जाकर आरोपी प्रीतम के घर के बाहर रुक गया।

इसके बाद पुलिस ने प्रीतम से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment