‘जन नायकन’ फिल्म को लेकर सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से सेंसर सर्टिफिकेट न मिलने के बाद विवाद कोर्ट तक पहुंच गया था। बीते 20 जनवरी को मद्रास हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई थी और आज 27 जनवरी 2026 को नया फैसला सुनाया गया।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: अभिनेता से राजनेता बने विजय थलापति की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज को लेकर चल रहा कानूनी विवाद एक बार फिर चर्चा में है। मद्रास हाईकोर्ट ने इस मामले में अहम फैसला सुनाते हुए एकल पीठ के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को फिल्म को तुरंत सेंसर सर्टिफिकेट जारी करने का निर्देश दिया गया था। इस फैसले के बाद फिल्म की रिलीज डेट को लेकर सस्पेंस और गहरा गया है।
क्या है पूरा मामला?
‘जन नायकन’ को विजय थलापति की आखिरी फिल्म माना जा रहा है, क्योंकि इसके बाद वह पूरी तरह सक्रिय राजनीति में उतर चुके हैं। यह फिल्म पहले 9 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली थी। हालांकि, CBFC ने फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद इसके निर्माता KVN प्रोडक्शंस ने मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
निर्माताओं का आरोप था कि उन्होंने जांच समिति द्वारा सुझाए गए सभी बदलाव और कट्स का पालन कर लिया है, इसके बावजूद CBFC अंतिम प्रमाणपत्र जारी करने में देरी कर रहा है।
एकल पीठ से मिली थी राहत
![]()
इस मामले में पहले मद्रास हाईकोर्ट की एकल पीठ (सिंगल जज) ने फिल्म निर्माताओं के पक्ष में फैसला सुनाते हुए CBFC को तुरंत सेंसर सर्टिफिकेट जारी करने का निर्देश दिया था। इस आदेश से फिल्म की रिलीज की उम्मीद जगी थी। हालांकि, CBFC ने इस फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में अपील दायर कर दी।
मीडिया के अनुसार, मद्रास हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच, जिसमें मुख्य न्यायाधीश मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन शामिल थे, ने CBFC की अपील को स्वीकार कर लिया। कोर्ट ने स्पष्ट रूप से कहा कि एकल पीठ ने मामले के गुण-दोष (merits) पर विचार करके गलती की। डिवीजन बेंच के अनुसार, सिंगल जज को पहले CBFC को काउंटर एफिडेविट दाखिल करने का पूरा अवसर देना चाहिए था।
कोर्ट ने क्या कहा?
डिवीजन बेंच ने अपने आदेश में कहा, रिट कोर्ट को मामले के गुण और दोष पर नहीं जाना चाहिए था। विवादित आदेश को रद्द किया जाता है, अपील स्वीकार की जाती है और याचिकाकर्ता को संशोधित याचिका दाखिल करने की स्वतंत्रता दी जाती है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सिंगल जज अब यह तय करने के लिए स्वतंत्र होंगे कि फिल्म को रिव्यू कमेटी के पास भेजने का फैसला सही था या नहीं।
‘जन नायकन’ को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब, फिल्म पर रक्षा बलों के गलत चित्रण का आरोप लगा. कुछ दृश्यों को लेकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की शिकायत की गई. इन शिकायतों के आधार पर फिल्म को रिव्यू कमेटी के पास भेजा गया। बाद में यह भी सामने आया कि शिकायत जांच समिति के ही एक सदस्य द्वारा की गई थी, जिससे विवाद और बढ़ गया।












