भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बीती रात 9 दिसंबर 2025 को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 101 रनों से रौंदकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बुमराह ने वह उपलब्धि हासिल कर ली, जो आज तक कोई भी भारतीय गेंदबाज नहीं कर पाया था। बुमराह अब तीनों फॉर्मेट – टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल – में 100 या उससे अधिक विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 101 रनों से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में पूरी अफ्रीकी टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और महज 74 रनों पर ऑल आउट हो गई। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका का अब तक का सबसे छोटा स्कोर है।
T20 इंटरनेशनल में बुमराह का शतक पूरा
इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट अपने नाम किए। जैसे ही उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट किया, उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह इस फॉर्मेट में 100 विकेट लेने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज बन गए। उनसे पहले यह उपलब्धि अर्शदीप सिंह ने इस साल हासिल की थी। फिलहाल भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची इस प्रकार है:
- अर्शदीप सिंह – 107 विकेट
- जसप्रीत बुमराह – 101 विकेट
- हार्दिक पांड्या – 99 विकेट
- युजवेंद्र चहल – 96 विकेट
- भुवनेश्वर कुमार – 90 विकेट
इन आंकड़ों से साफ है कि बुमराह सीमित ओवरों के क्रिकेट में भी भारत के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल हैं।

तीनों फॉर्मेट में 100 विकेट का ऐतिहासिक कारनामा
टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे करते ही जसप्रीत बुमराह ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अब तीनों फॉर्मेट में 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन चुके हैं। उनके नाम इस समय:
- टेस्ट क्रिकेट में – 234 विकेट
- वनडे क्रिकेट में – 149 विकेट
- टी20 इंटरनेशनल में – 101 विकेट
यह आंकड़े बुमराह की निरंतरता, फिटनेस और लंबे समय तक शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने की क्षमता को दर्शाते हैं।
दुनिया के चुनिंदा गेंदबाजों के क्लब में शामिल हुए बुमराह
इस उपलब्धि के साथ जसप्रीत बुमराह अब दुनिया के उन चुनिंदा गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में 100 विकेट पूरे किए हैं। वह इस कारनामा को अंजाम देने वाले दुनिया के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड बनाने वाले गेंदबाज हैं:
- लसिथ मलिंगा (श्रीलंका)
- टीम साउदी (न्यूजीलैंड)
- शाकिब अल हसन (बांग्लादेश)
- शाहीन शाह अफरीदी (पाकिस्तान)
अब इस प्रतिष्ठित सूची में एकमात्र भारतीय नाम जसप्रीत बुमराह का भी जुड़ चुका है, जो भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व की बात है।










