Columbus

ज्यादा मीठा खाने से हो सकता है आंखों की रोशनी पर बुरा असर, जानें कैसे

ज्यादा मीठा खाने से हो सकता है आंखों की रोशनी पर बुरा असर, जानें कैसे

अत्यधिक मीठा खाने से आंखों की सेहत प्रभावित हो सकती है। शोध और विशेषज्ञों के अनुसार, अधिक शुगर डायबिटीज और डायबिटिक रेटिनोपैथी का खतरा बढ़ाती है, जिससे नजर कमजोर हो सकती है। धुंधला दिखाई देना, फ्लोटर्स और रात में कम दिखा

Much Sugar Harm Your Eyesight: आजकल की बढ़ती मीठी डाइट आंखों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। सर गंगाराम अस्पताल के पूर्व एचओडी डॉ. एके ग्रोवर और नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के शोध के अनुसार, अधिक शुगर रेटिना की छोटी रक्त नलिकाओं को नुकसान पहुंचाकर डायबिटिक रेटिनोपैथी और धुंधली नजर जैसी समस्याएं पैदा कर सकती है। विशेषज्ञों ने मीठे का सेवन सीमित करने और नियमित आंखों व ब्लड शुगर जांच कराने की सलाह दी है।

आंखों पर मीठे का असर

सर गंगाराम अस्पताल के आई डिपार्टमेंट के पूर्व एचओडी डॉ एके ग्रोवर का कहना है कि ज्यादा मीठा खाने से आंखों पर पड़ने वाले असर को शुरुआत में पहचानना मुश्किल हो सकता है। समय के साथ आंखों में धुंधला दिखना, फ्लोटर्स या काले धब्बे दिखना आम लक्षण बन जाते हैं। रात में चीजें स्पष्ट नहीं दिखाई देना, पढ़ाई या मोबाइल स्क्रीन देखने में परेशानी, बार-बार संक्रमण या आंखों में सूजन भी संकेत हो सकते हैं। लंबे समय तक शुगर का स्तर बढ़ा रहने से आंखों में दबाव और दर्द भी महसूस हो सकता है।

डॉ ग्रोवर ने बताया कि यह लक्षण नजर की कमजोरी और डायबिटिक रेटिनोपैथी की ओर इशारा करते हैं। ऐसे संकेत मिलने पर तुरंत आंखों के डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। समय रहते इलाज शुरू करने से गंभीर नुकसान को रोका जा सकता है।

मीठा कैसे प्रभावित करता है आंखों की रेटिना

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की रिसर्च के अनुसार, शरीर में शुगर का स्तर बढ़ने पर इसका सीधा असर आंखों की रेटिना पर पड़ता है। रेटिना की छोटी रक्त नलिकाएं ज्यादा शुगर की वजह से कमजोर हो जाती हैं। इसके कारण उनमें सूजन आती है और कई बार खून या तरल पदार्थ लीक होने लगता है। धीरे-धीरे यह स्थिति डायबिटिक रेटिनोपैथी में बदल सकती है।

अत्यधिक शुगर से रेटिना को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। इससे नई असामान्य रक्त नलिकाएं बनती हैं जो नाजुक होती हैं। अगर ये नलिकाएं टूट जाएं तो आंखों में खून जमा हो सकता है। इसका नतीजा धुंधली नजर या अंधेपन तक हो सकता है। शुगर के अधिक सेवन से आंखों के लेंस पर भी असर पड़ता है और मोतियाबिंद जल्दी होने का खतरा बढ़ जाता है।

आंखों की सेहत के लिए जरूरी सावधानियां

विशेषज्ञों ने मीठे के सेवन को सीमित करने के लिए कुछ उपाय बताए हैं। इनमें रोजाना शुगर की सीमा तय करना और शुगरयुक्त पेय पदार्थों से बचना शामिल है। मीठे की जगह फ्रूट्स और हेल्दी स्नैक्स का सेवन करना चाहिए। नियमित रूप से ब्लड शुगर लेवल की जांच कराते रहना भी जरूरी है।

साल में कम से कम एक बार आंखों की जांच कराना आवश्यक है। आंखों की अच्छी सेहत के लिए हरी सब्जियों और प्रोटीन युक्त भोजन को डाइट में शामिल किया जाना चाहिए। अगर धुंधला दिखने या फ्लोटर्स जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए।

Leave a comment