Columbus

दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड, उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी का अलर्ट, पढ़िए पूरे देश का वेदर अपडेट

दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड, उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी का अलर्ट, पढ़िए पूरे देश का वेदर अपडेट

देश के कई हिस्सों में मौसम करवट बदल रहा है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड बढ़ रही है, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मध्य भारत और दक्षिण भारत के लिए भी चेतावनियां जारी की हैं।

Weather Update: देश के कई हिस्सों में गुलाबी ठंड अब कड़ाके की ठंड में बदल रही है। मौसम विभाग ने 11 नवंबर से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दक्षिण हरियाणा, उत्तर पश्चिम भारत और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में तापमान में अचानक गिरावट आने की संभावना है।

वहीं, 11 से 13 नवंबर तक दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राजधानी दिल्ली में अगले सात दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, धुंध की चादर और गहरी होने की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मध्य भारत और दक्षिण भारत में शीतलहर, बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 11 नवंबर से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में शीतलहर की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट आने की संभावना है। हरियाणा, उत्तर पश्चिम भारत और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भी तापमान में कमी देखने को मिलेगी। शीतलहर के चलते इन राज्यों में सुबह और रात के समय बहुत ठंड लग सकती है, जबकि दिन के समय तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहेगा।

आईएमडी (भारतीय मौसम विभाग) ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में 11 से 13 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से तमिलनाडु के तंजावुर, पुदुक्कोट्टई, रामनाथपुरम, विरुधुनगर और थूथुकुडी जिलों में बारिश के तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने निवासियों से सावधान रहने और बाढ़ या जलभराव से बचाव के उपाय करने को कहा है। 

पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, मंगलवार और बुधवार को थूथुकुडी, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, पुदुक्कोट्टई और तंजावुर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम

दिल्ली-NCR में अगले 7 दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। न्यूनतम तापमान लगभग 11 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा, जो दृश्यता को प्रभावित कर सकता है।  साथ ही, सुबह और शाम को 10-20 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ेगा। आने वाले दिनों में लोग गर्म कपड़े और शीतकालीन तैयारियों के लिए सजग रहें।

उत्तर प्रदेश और बिहार में सर्दियों की दस्तक शुरू हो गई है। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय हल्का कोहरा रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार में रात का तापमान तेजी से गिर सकता है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ेगा। मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिमी बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीतलहर के भी आसार जताए हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में इस समय मौसम कड़ाके की ठंड और बर्फबारी का संकेत दे रहा है।

  • हिमाचल प्रदेश: लाहौल-स्पीति और मनाली में भारी बर्फबारी की संभावना।
  • उत्तराखंड: चमोली, नैनीताल, मसूरी और रुद्रप्रयाग जैसे क्षेत्रों में शीतलहर का असर बढ़ेगा।

पहाड़ों में बर्फबारी के कारण सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है, इसलिए यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a comment