जयपुर में हार्ट पेशेंट की एम्बुलेंस पलटी, मरीज और भाई की मौत

जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एम्बुलेंस पलटने से हार्ट पेशेंट और उसके भाई की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जयपुर में हार्ट पेशेंट की एम्बुलेंस पलटी, मरीज और भाई की मौत

जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एम्बुलेंस पलटने से हार्ट पेशेंट और उसके भाई की मौत हो गई। एम्बुलेंस चौमूं से मानसरोवर जा रही थी। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं।

Rajasthan: जयपुर में मंगलवार शाम एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक हार्ट पेशेंट को लेकर जा रही एम्बुलेंस तेज रफ्तार में बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में एम्बुलेंस में सवार मरीज और उसके छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना करधनी थाना क्षेत्र में निवारू रोड के पास अजमेर-दिल्ली एक्सप्रेस-वे (एनएच-48) पर शाम करीब 7 बजे हुई।

एम्बुलेंस चौमूं के बराला हॉस्पिटल से मरीज को जयपुर के मानसरोवर स्थित एक निजी अस्पताल ले जा रही थी। रास्ते में शर्मा हॉस्पिटल के सामने अचानक एम्बुलेंस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई।

मृतक और घायलों की पहचान

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के गुढ़ागौड़जी निवासी सिराजुद्दीन (67) के रूप में हुई है। सिराजुद्दीन लंबे समय से हार्ट की बीमारी से पीड़ित थे। हादसे में उनके छोटे भाई फिरोज अली (50) की भी मौत हो गई।

जयपुर में हार्ट पेशेंट की एम्बुलेंस पलटी, मरीज और भाई की मौत

एम्बुलेंस में कुल सात लोग सवार थे। इनमें मरीज सिराजुद्दीन, उनके भाई फिरोज अली, परिजन आमीन और मेहराज, ड्राइवर प्रकाश, उसका सहयोगी मजरू मोहन और नर्सिंगकर्मी वेद प्रकाश शामिल थे। हादसे में ड्राइवर और नर्सिंगकर्मी को कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य परिजन भी घायल हुए हैं।

घायलों का इलाज 

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को पहले निवारू रोड स्थित अर्चना हॉस्पिटल ले जाया गया। बाद में परिजन उन्हें इलाज के लिए दूसरे निजी अस्पताल में ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त एम्बुलेंस को सड़क से हटवाया और यातायात को दोबारा सुचारु करवाया।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने दोनों शवों को जयपुर के कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों के आने के बाद बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। एक्सीडेंट थाना वेस्ट पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है, हालांकि पुलिस एम्बुलेंस के तकनीकी हालात और ड्राइवर की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Leave a comment