Pune

कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय एकता और साहस को किया नमन

कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय एकता और साहस को किया नमन

कारगिल विजय दिवस के मौके पर देश ने 1999 में शहीद हुए बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को करगिल युद्ध के वीरों को याद करते हुए उनके अद्वितीय बलिदान को राष्ट्र की प्रेरणा बताया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, करगिल विजय दिवस हमारे जवानों की असाधारण वीरता, साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। देश के प्रति उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान हर भारतीय को प्रेरणा देता रहेगा। जय हिंद जय भारत

कारगिल जीत भारत की ताकत का प्रतीक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उन जवानों की याद दिलाता है जिन्होंने दुर्गम पहाड़ियों में देश की रक्षा के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, यह दिवस करगिल की ऊंची चोटियों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ने में भारतीय सेना की अद्भुत सफलता का प्रतीक है। यह हमारे सैनिकों के अदम्य साहस और राष्ट्र के लिए मर मिटने के जज्बे को दर्शाता है। आने वाली पीढ़ियां भी इस बलिदान से प्रेरणा लेती रहेंगी।

सीएम योगी ने कहा- मां भारती के अमर वीरों को नमन

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और राज्यवासियों को करगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, भारतीय सशस्त्र बलों के अद्भुत शौर्य, अटूट संकल्प और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक 'कारगिल विजय दिवस' पर हार्दिक शुभकामनाएं। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ दुर्गम पर्वतों पर विजय गाथा लिखने वाले वीरों को कोटिशः नमन!

हर साल 26 जुलाई को मनाया जाता है करगिल विजय दिवस

गौरतलब है कि हर साल 26 जुलाई को करगिल विजय दिवस मनाया जाता है। साल 1999 में इसी दिन भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की घोषणा की थी। करीब तीन महीने तक चले इस युद्ध में भारतीय जवानों ने पाकिस्तान द्वारा कब्जाई गई करगिल की चोटियों को वापस हासिल कर देश को गौरव दिलाया था। 

Leave a comment