महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नाम वापसी की प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही बीजेपी को जलगांव में पहली जीत मिल गई है। जामनेर में बीजेपी उम्मीदवार साधना महाजन बिना मुकाबले ही मेयर चुनी गई हैं।
मुंबई: महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ी सफलता मिली है। जलगांव जिले के जामनेर नगरपालिका में पार्टी की उम्मीदवार साधना महाजन निर्विरोध मेयर चुनी गई हैं। नामांकन वापसी की अंतिम तारीख तक सभी सात प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद साधना महाजन का निर्वाचन बिना मतदान के ही सुनिश्चित हो गया। यह जीत न सिर्फ BJP के लिए शुरुआती बढ़त है, बल्कि जामनेर क्षेत्र में पार्टी की जमीनी पकड़ और गिरीश महाजन के राजनीतिक प्रभाव का प्रमाण भी है।
जामनेर में BJP को मिली पहली बड़ी जीत
महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए जैसे ही नामांकन वापसी की समयसीमा समाप्त हुई, जामनेर से BJP को बड़ी खबर मिली। मेयर पद के लिए कुल नौ नामांकन दाखिल किए गए थे, जिनमें से जांच के बाद आठ वैध पाए गए। जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन की पत्नी साधना महाजन भी उन्हीं उम्मीदवारों में शामिल थीं।
हालांकि, नामांकन वापसी के अंतिम दिन बाकी सभी उम्मीदवारों ने अपने पर्चे वापस ले लिए। चुनावी मैदान में सिर्फ साधना महाजन ही बची थीं, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध मेयर घोषित कर दिया गया। यह जीत BJP के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे पार्टी ने बिना मतदान के ही अपने खाते में पहली जीत दर्ज कर ली।
![]()
साधना महाजन की निर्विरोध जीत की घोषणा होते ही BJP कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। जामनेर में पार्टी ने जोरदार जश्न मनाया। यह क्षेत्र पहले से ही BJP का मजबूत गढ़ माना जाता है। उल्लेखनीय है कि 2018 में जामनेर नगरपालिका के सभी कॉर्पोरेटर BJP के थे, और किसी विपक्षी दल का प्रतिनिधि वहां मौजूद नहीं था। साधना महाजन इससे पहले भी 2018–2023 के बीच जामनेर की मेयर रह चुकी हैं। उस कार्यकाल में भी BJP का क्षेत्र पर व्यापक नियंत्रण रहा था।
कौन हैं साधना महाजन?
साधना महाजन एक जानी-मानी स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और BJP की सक्रिय नेता हैं। उनका राजनीतिक उभार उनके पति और वरिष्ठ BJP नेता गिरीश महाजन के प्रभावशाली राजनीतिक सफर से भी जुड़ा है। साधना महाजन ने कार्यकाल के दौरान स्थानीय विकास परियोजनाओं, स्वच्छता, शहरी प्रबंधन और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया। स्थानीय निकाय में उनकी मजबूत पकड़ और लोकप्रियता ही उनकी निर्विरोध जीत की मुख्य वजह मानी जा रही है।
साधना महाजन की निर्विरोध जीत पर सबसे अधिक नजरें इसलिए हैं क्योंकि वे महाराष्ट्र के वरिष्ठ BJP नेता और जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन की पत्नी हैं। 65 वर्षीय गिरीश महाजन राज्य BJP के शीर्ष नेताओं में गिने जाते हैं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नजदीकी सहयोगियों में शामिल हैं। राजनीतिक गलियारों में उन्हें “फडणवीस का शूटर” और “संकटमोचक” भी कहा जाता है।
जामनेर विधानसभा क्षेत्र महाजन परिवार का परंपरागत गढ़ है। गिरीश महाजन इस सीट से लगातार सात बार विधायक चुने जा चुके हैं—पहली बार 1995 में। इससे पहले उनके पिता दत्तात्रेय महाजन ने 1990 में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी।










