Columbus

केरल-तमिलनाडु सहित इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली में तापमान गिरने की संभावना

केरल-तमिलनाडु सहित इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली में तापमान गिरने की संभावना

भारत के मौसम में इस समय काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। उत्तरी राज्यों से जहां मानसून की विदाई हो चुकी है, वहीं पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। 

Weather Update: देश के उत्तरी राज्यों में मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन आने वाले दिनों में पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए मौसम परिस्थितियां अनुकूल होंगी। इसके तहत केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश की प्रबल संभावना है।

वहीं, पहाड़ी राज्यों में लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में तापमान तेजी से गिर रहा है। इसके साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग भी 25 अक्टूबर के बाद से सर्दी के लिए तैयार हो जाएं, क्योंकि इन राज्यों में सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होने लगेगी।

पहाड़ी राज्यों में ठंड का असर

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि इन राज्यों में सुबह-शाम ठंड का असर महसूस होगा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार वाले भी सावधान रहें, क्योंकि 25 अक्टूबर के बाद इन राज्यों में भी तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल सकती है। सुबह-शाम ठंड अधिक महसूस होगी, इसलिए लोगों को गर्म कपड़े रखने की सलाह दी जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 14 अक्टूबर को किसी भी इलाके में बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हालांकि, 25 अक्टूबर के बाद तापमान में गिरावट की संभावना है। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनना जरूरी होगा।

उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम

उत्तर प्रदेश में कल यानी 14 अक्टूबर को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा। मौसम विभाग ने सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है, यानी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, अगले सप्ताह से तापमान में गिरावट के चलते ग्रामीण इलाकों में सुबह और शाम ठंड का अहसास होगा। बता दें कि सितंबर में प्रदेश में अच्छी बारिश हुई थी, जिससे फसलों को लाभ मिला।

बिहार में कल अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग ने यहां किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं जताई है। हालांकि सुबह-शाम का समय ठंड का अहसास देगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से तापमान गिरने के बीच स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने को कहा है।

झारखंड और उत्तराखंड में अलर्ट

झारखंड में मौसम विभाग ने 14 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि यहां आकाशीय बिजली, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। राज्य के लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है, खासकर उन इलाकों में जहां हाल ही में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ।उत्तराखंड में 14 अक्टूबर को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा। 

मौसम विभाग ने सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है, यानी कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन पिछले दिनों में बादल फटने से हुई भारी बारिश और नुकसान को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां

हिमाचल प्रदेश में भी आज मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। जून से अब तक हिमाचल में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण 300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। ठंड के बढ़ने के कारण अब लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।मध्य प्रदेश में 14 अक्टूबर को मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग भोपाल ने बताया कि किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। इसके साथ ही दिवाली के दौरान भी मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई गई है।

पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में अगले 2-3 दिनों में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

Leave a comment