कोटपूतली-बहरोड़ में जर्जर मकान का छज्जा गिरा, लैब टेक्नीशियन की मौत

बहरोड़ में जर्जर मकान का छज्जा बाइक पर गिरने से लैब टेक्नीशियन रतनलाल की मौत हो गई। जुड़वा बच्चे गंभीर घायल, जयपुर में इलाज जारी।

बहरोड़ में स्कूल जाते समय जर्जर मकान का छज्जा बाइक पर गिरने से लैब टेक्नीशियन रतनलाल की मौत हो गई। उनके जुड़वा बच्चे गंभीर घायल हैं और जयपुर में इलाज चल रहा है। नगर परिषद ने कार्रवाई शुरू की है।

Rajasthan: यह हादसा बुधवार सुबह करीब 8 बजे बहरोड़ कस्बे के खटीकों के मोहल्ले में हुआ। मृतक रतनलाल प्रजापत (32) अपने दोनों जुड़वा बच्चों हिमांशी और हिमांशु (10) को बाइक पर बैठाकर गुरुकुल स्कूल छोड़ने जा रहे थे। घर से निकलने के महज 10 मीटर बाद ही अचानक यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे स्थित दयाराम बसवाल का करीब 100 साल पुराना मकान काफी समय से जर्जर हालत में था। अचानक मकान का छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया और सीधा चलती बाइक पर आ गिरा। हादसा इतना अचानक था कि रतनलाल और उनके बच्चों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

मलबे में दबे पिता-बच्चे

छज्जा गिरते ही सड़क पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने की कोशिश की। पड़ोसी जयसिंह और दीपक लखेरा ने बताया कि तीनों मलबे के नीचे दब गए थे। लोगों ने किसी तरह बच्चों और उनके पिता को बाहर निकाला।

कोटपूतली-बहरोड़ में जर्जर मकान का छज्जा गिरा, लैब टेक्नीशियन की मौत

रतनलाल के सिर में गंभीर चोट आई थी, जबकि दोनों बच्चों को भी गहरी चोटें लगीं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

पिता की मौत

हादसे में घायल बच्चों हिमांशी और हिमांशु की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के जेके लोन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, हिमांशी के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि हिमांशु के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों का इलाज जारी है।

बहरोड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती रतनलाल प्रजापत की इलाज के दौरान हालत गंभीर होती चली गई। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।

नगर परिषद की कार्रवाई

रतनलाल मूल रूप से नीमराना क्षेत्र के गांव कोलीला के रहने वाले थे। वे पत्नी और बच्चों के साथ बहरोड़ में अपने ससुराल में रहते थे और एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रूप में काम करते थे। घटना के संबंध में रतनलाल के चाचा लालाराम ने बहरोड़ थाने में मामला दर्ज करवाया है। एसएचओ प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

बहरोड़ नगर परिषद के कमिश्नर नूर मोहम्मद ने बताया कि जर्जर मकान के मालिक परिवार के आठ सदस्यों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में पुराने और खतरनाक मकानों, दुकानों व भवनों का सर्वे कराकर आवश्यकता अनुसार उन्हें ध्वस्त करने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है।

Leave a comment