कोटपूतली-बहरोड़ में सड़क हादसा, बीएसएफ फिजिकल पास युवक समेत दो भाइयों की मौत

कोटपूतली-बहरोड़ में बाइक सवार दो भाइयों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। इनमें एक युवक बीएसएफ फिजिकल पास कर घर लौट रहा था। पुलिस जांच में जुटी है।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में बाइक सवार दो भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। इनमें एक युवक बीएसएफ कॉन्स्टेबल का फिजिकल पास कर हरियाणा से घर लौट रहा था। गांव से कुछ दूरी पहले अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

Rajasthan: बुधवार रात करीब 9 बजे मांढण थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुतीना गांव निवासी 20 वर्षीय अभिषेक और हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी 22 वर्षीय राहुल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपने गांव के तीन अन्य युवकों के साथ हरियाणा के हिसार में बीएसएफ कॉन्स्टेबल भर्ती का फिजिकल देने गया था। वह फिजिकल टेस्ट पास कर बेहद खुश था और घर लौट रहा था। चारों युवक रेवाड़ी के मोहनपुर गांव बस स्टैंड पर उतरे। इसके बाद अभिषेक ने अपने मामा के बेटे राहुल को फोन कर बाइक लेकर बुलाया।

घर से 300 मीटर पहले हुआ हादसा

राहुल कुतीना गांव से करीब 6 किलोमीटर दूर मोहनपुर पहुंचा और अभिषेक को बाइक पर लेकर वापस गांव की ओर रवाना हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों जैसे ही कुतीना गांव में प्रवेश कर रहे थे और घर से करीब 300 मीटर पहले पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर पास के एक मकान की सीढ़ियों से जा टकराई। हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। नीमराना अस्पताल में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

परिवार में पहले भी हो चुका है दुखद हादसा

अभिषेक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई सचिन नीमराना थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। उसके पिता भी राजस्थान पुलिस में थे, लेकिन वर्ष 2007 में एक कैदी द्वारा ट्रेन से धक्का देने के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी।

परिवार पहले ही एक बड़ी त्रासदी झेल चुका था और अब इस हादसे ने उन्हें फिर गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में घटना की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों के शव रखे गए थे।

पुलिस जांच में जुटी

मांढण थाना अधिकारी किरण सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को नीमराना सीएचसी की मोर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। यह हादसा एक ऐसे युवक की जिंदगी छीन ले गया, जिसने हाल ही में बीएसएफ का फिजिकल पास कर अपने भविष्य की ओर पहला कदम बढ़ाया था। परिवार और गांव में मातम का माहौल है।

Leave a comment