समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह की शादी की खबरें सुर्खियों में हैं। यह जोड़ी राजनीतिक और खेल जगत के एक बेहद चर्चित गठबंधन के रूप में सामने आ रही है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सितारे रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की नव निर्वाचित सांसद प्रिया सरोज के रिश्ते की आधिकारिक घोषणा हो गई है। सूत्रों के अनुसार, दोनों की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में एक भव्य समारोह में होगी और शादी इसी साल 18 नवंबर को वाराणसी के ताज होटल में संपन्न होगी।
यह शादी न केवल खेल और राजनीति जगत को एक सूत्र में बांधेगी, बल्कि एक सामान्य परिवार से निकलकर देश के शीर्ष मंच पर पहुंचे रिंकू सिंह के जीवन में भी नए अध्याय की शुरुआत होगी।
नवंबर में बनेंगे पति-पत्नी
लखनऊ में आयोजित होने वाली सगाई में राजनीतिक हस्तियों, क्रिकेट जगत के सितारों और प्रिया सरोज के करीबी मित्रों की मौजूदगी रहेगी। यह कार्यक्रम सादगी और पारंपरिकता का मिश्रण होगा, जिसकी रूपरेखा खुद प्रिया और उनके परिवार ने तैयार की है। 18 नवंबर 2025 को रिंकू सिंह और प्रिया सरोज वाराणसी में शादी के बंधन में बंधेंगे।
यह आयोजन वाराणसी के प्रतिष्ठित ताज होटल में होगा। शादी में क्रिकेट जगत के दिग्गजों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक दुनिया की प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
दोनों परिवारों की सहमति से तय हुआ रिश्ता
इस रिश्ते की शुरुआत एक सामान्य परिचय से हुई थी। जानकारी के अनुसार, प्रिया की सहेली के पिता पेशेवर क्रिकेटर रहे हैं, जिनके माध्यम से रिंकू और प्रिया की जान-पहचान हुई। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे दोस्ती रिश्ते में बदल गई। दोनों ने अपने परिजनों की रजामंदी से इस रिश्ते को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
प्रिया के पिता और केराकत से समाजवादी पार्टी के विधायक तूफानी सरोज ने भी इस रिश्ते की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों परिवारों ने मिलकर इस रिश्ते को अंतिम रूप दिया है और अब सगाई और शादी की तारीखें भी तय हो चुकी हैं।
प्रिया सरोज: युवा सांसद, पेशे से अधिवक्ता
प्रिया सरोज हाल ही में मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद बनी हैं। राजनीति में आने से पहले वे कानून की पढ़ाई कर रही थीं और पेशे से अधिवक्ता भी हैं। उन्होंने चुनाव में बड़ी जीत दर्ज कर खुद को एक उभरती हुई नेता के रूप में स्थापित किया है। प्रिया अपने व्यक्तित्व, सादगी और मजबूत वक्तृत्व कौशल के लिए जानी जाती हैं।
रिंकू सिंह: संघर्ष से शिखर तक का सफर
रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक बेहद साधारण परिवार में हुआ था। उनके पिता खानचंद्र एक गैस एजेंसी में सिलेंडर पहुंचाने का काम करते थे। रिंकू ने भी अपने बचपन में सिलेंडर ढोने का काम किया। हालांकि कठिनाइयों के बावजूद, रिंकू का क्रिकेट के प्रति समर्पण अडिग रहा। उन्होंने डीपीएस में आयोजित इंटरनेशनल स्कूल वर्ल्ड कप में 'मैन ऑफ द सीरीज' का खिताब जीतकर पहली बार सुर्खियाँ बटोरीं। इसके बाद उनका सफर तेजी से आगे बढ़ा।
रिंकू को 2017 में पहली बार किंग्स इलेवन पंजाब ने 10 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 80 लाख रुपये में टीम में शामिल किया। इसके बाद उन्होंने कई मैचों में धमाकेदार प्रदर्शन किया और 2023 में आईपीएल में पांच छक्के लगाकर क्रिकेट प्रेमियों के दिल में जगह बना ली।
करोड़ों में पहुँची संपत्ति
रिंकू सिंह की संपत्ति अब करोड़ों में है। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में केकेआर ने उन्हें 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वर्तमान में उनकी सालाना कमाई 60 से 80 लाख रुपये के बीच है। 2024 में उनकी कुल संपत्ति लगभग 8 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जो अब काफी बढ़ चुकी है। रिंकू और प्रिया की यह शादी दो अलग-अलग क्षेत्रों से आए दो व्यक्तित्वों का मिलन है एक ओर क्रिकेट का चमकता सितारा, दूसरी ओर राजनीति की नई शक्ति। दोनों के प्रशंसक इस जोड़ी को लेकर काफी उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।