कर्नाटक के मंत्री जमीर अहमद का ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे पुलिस से रिश्तेदार की मदद की गुहार लगा रहे हैं। विपक्ष ने इसे नैतिकता और प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाला कदम बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Karnataka: कर्नाटक के आवासीय मंत्री जमीर अहमद खान एक बार फिर विवादों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक ऑडियो क्लिप (audio clip) वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक पुलिस अधिकारी से अपने रिश्तेदार की मदद करने का अनुरोध कर रहे हैं। यह मामला पेरेसांद्रा पुलिस थाने (Peresandra Police Station) में दर्ज धोखाधड़ी (fraud) से जुड़ा है, जिसमें किसानों ने कुछ व्यापारियों पर मक्का (maize) खरीद में भुगतान न करने का आरोप लगाया है।
धोखाधड़ी के केस की पूरी कहानी
पेरेसांद्रा पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, स्थानीय किसानों ने हैदराबाद के ट्रेडर्स अब्दुल रजाक, अकबर पाशा और नसीर अहमद पर आरोप लगाया कि उन्होंने फरवरी से जुलाई के बीच मक्का खरीदी थी, लेकिन पूरी रकम का भुगतान नहीं किया। इस मामले में भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 318 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। किसानों का आरोप है कि व्यापारियों ने भुगतान के नाम पर सिर्फ वादे किए, लेकिन रकम वापस नहीं की।
ऑडियो में क्या बोले मंत्री जमीर अहमद खान
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल ऑडियो में मंत्री जमीर अहमद पुलिस अधिकारी जगदीश रेड्डी से कहते हैं, “हैलो भाई, हैदराबाद से कोई है। अकबर पाशा मेरा रिश्तेदार है। मैंने सुना है कि उसे किसी वित्तीय मामले में लाया गया है।” फिर वे कहते हैं, “हां, उसने पैसे लिए थे यह सच है लेकिन जिस तरह का दावा किया जा रहा है वैसा नहीं है। प्लीज उसकी थोड़ी मदद करो भाई। वह हमारे लिए महत्वपूर्ण इंसान है। क्या किया जा सकता है?”
पुलिस अफसर का जवाब
ऑडियो में पुलिस अधिकारी पीएसआई जगदीश रेड्डी कहते हैं, “हम उन्हें मामला सुलझाने का मौका पहले ही दे चुके हैं। अगर दोनों पार्टियां राजी हो जाती हैं और बकाया चुका दिया जाता है तो केस बंद किया जा सकता है। यह ईगो (ego) का मामला है और कोई भी पक्ष झुकने को तैयार नहीं है।” इस पर मंत्री कहते हैं, “कृपया उन्हें एक और मौका दीजिए, कुछ दिनों का समय दीजिए।” फिर अधिकारी बताते हैं कि मामला सुलझाने के लिए दोनों पक्षों की सहमति जरूरी है।












