कुमार संगकारा बने राजस्थान रॉयल्स के नए हेड कोच, राहुल द्रविड़ की जगह संभालेंगे कमान

कुमार संगकारा राजस्थान रॉयल्स के नए हेड कोच बने हैं। वह राहुल द्रविड़ की जगह टीम की कमान संभालेंगे। जानें संगकारा की योजना और टीम अपडेट टीम में कप्तान की तलाश

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने बड़ा ऐलान कर दिया है। टीम ने श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार संगकारा को हेड कोच के रूप में नियुक्त किया है। संगकारा इस पद पर लौटकर टीम को दूसरी बार आईपीएल खिताब दिलाने की कोशिश करेंगे।

स्पोर्ट्स न्यूज़: श्रीलंका के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार संगकारा अब राजस्थान रॉयल्स में एक नई और बड़ी जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आएंगे। उन्हें आईपीएल 2026 के आगामी संस्करण के लिए राजस्थान रॉयल्स का हेड कोच नियुक्त किया गया है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें आईपीएल 2025 से पहले फ्रेंचाइजी का डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट बनाया था। अब संगकारा हेड कोच के रूप में राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे और टीम को दूसरी बार आईपीएल खिताब दिलाने का प्रयास करेंगे।

संगकारा का राजस्थान रॉयल्स के साथ अनुभव

48 वर्षीय संगकारा इससे पहले 2021 से 2024 तक राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच रहे हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने 2022 के सीजन में फाइनल तक का सफर तय किया और 2024 में प्लेऑफ में जगह बनाई। आईपीएल 2025 से पहले उन्हें फ्रेंचाइजी का डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट नियुक्त किया गया था। संगकारा अब राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे, जिन्होंने आईपीएल 2025 के बाद हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया था। द्रविड़ के नेतृत्व में टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही थी और 14 मैचों में से केवल 4 में जीत दर्ज कर पाई थी।

हेड कोच बनने के बाद संगकारा ने कहा, हेड कोच के पद पर वापस आकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं इस टैलेंटेड ग्रुप के साथ काम करना जारी रखूंगा। हमारे पास एक मजबूत कोचिंग टीम है। विक्रम, ट्रेवर, शेन और सिड सभी के पास अपने-अपने क्षेत्रों का शानदार अनुभव है। हम खिलाड़ियों को बेस्ट तरीके से तैयार करेंगे। हमें पता है कि हमें क्या करना है और हम एक मजबूत टीम बनाना चाहते हैं।

टीम में नए कप्तान की तलाश

राजस्थान रॉयल्स के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती नए कप्तान का चयन है। संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने के बाद टीम को नेतृत्व के लिए नए चेहरे की तलाश है। टीम में कई युवा और अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जिनमें यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल शामिल हैं। इसके अलावा अब रवींद्र जडेजा भी टीम का हिस्सा बन गए हैं।

कुमार संगकारा को नए कप्तान का चयन करना होगा, जो टीम को मैदान पर सही दिशा दे सके। फ्रेंचाइजी का ध्यान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुभव और लीडरशिप क्षमता पर होगा।

 

Leave a comment